आखिरकार पमनानी के मकान पर चली निगम की जेसीबी

उज्जैन। सट्टेबाजी में फरार इनामी रवि पमनानी के मकान पर आखिरकार बुधवार को निगम की जेसीबी चल ही गई। मंगलवार को परिवार ने कोर्ट का एक आदेश दिखाते हुए कार्रवाई रोकने में सफलता प्राप्त कर ली थी। निगम के अधिकारी आदेश का अवलोकन करने के बाद पुलिस बल के साथ पहुंचे थे। गीता कालोनी में 2 जुलाई को क्राइम टीम ने दबिश देकर सट्टेबाजी का बड़ा खुलासा किया था। खाईवाल रवि पमनानी मौके से भाग निकला था। जिसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम घोषित करने के बाद पुलिस ने उसकी अवैध संपत्ति का पता लगाया। 12 ठिकाने अवैध होना सामने आये। गीता कालोनी का मकान भी बिना अनुमति के बनाया गया था। नोटिस जारी करने के बाद निगम और पुलिस की टीम मंगलवार को अवैध हिस्से को तोडऩे पहुंची। परिजनों ने इंदौर हाईकोर्ट का आदेश दिखाते हुए स्टे आर्डर होना बताते हुए कार्रवाई को रोक दिया। पुलिस और निगम की टीम वापस लौट आई थी। परिजनों से आदेश की प्रतिलिपि ली गई। जिसका अवलोकन करने पर पता चला कि कोर्ट ने स्टे आर्डर नहीं दिया है। जिसके बाद बुधवार सुबह निगम भवन अधिकारी अभिलाषा चौरषिया अतिक्रमण गैंग और भारी पुलिस बल के साथ गीता कालोनी पहुंची और अवैध निर्माण को तोडऩे की कार्रवाई शुरु कर दी। इस दौरान सट्टेबाज रवि पमनानी के परिवार की महिलाओं ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन महिला पुलिस बल ने दरकिनार कर दिया।