April 27, 2024

 

सीहोर। पंडित प्रदीप मिश्रा के सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में बुधवार रात बड़ा हादसा हो गया। यहां भोजनशाला का शेड गिर गया। इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई तथा 40 से 45 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से 14 लोग गंभीर घायल हैं। सभी गंभीर घायलों को सीहोर के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कुछ लोगों के घायल होने की खबर है।
घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया है। गौरतलब है कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव के चलते हजारों की संख्या में यहां श्रद्धालु मौजूद थे। इन सब श्रद्धालुओं के भोजन की व्यवस्था भी पंडित प्रदीप मिश्रा के आश्रम में ही रखी गई थी। बारिश के चलते व्यवस्थाएं कम और श्रद्धालु अधिक थे। आज गुरु पूर्णिमा के कारण पं. प्रदीप मिश्रा के भक्त इस विश्वास के साथ यहां पर आए थे कि उन्हें उनकी परेशानियों से छुटकारा मिलेगा। बताया जा रहा है कि भारी वर्षा और तेज हवा के कारण शेड ताश के पत्तों की तरह ढह गया। पुलिस और प्रशासन के अफसर घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
इस हादसे के बारे में पंडित प्रदीप मिश्रा का कहना है कि प्रकृति के आगे किसकी चली है। प्राकृतिक आपदा है। इस तरह तो होता रहता है।