नगर निगम दरोगा के यहां ईओडब्ल्यू छापे में चुनावी कनेक्शन, दरोगा मुकेश पांडे के महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला से करीबी संबंध, चर्चा चल रही कि कहीं इसीलिए तो नहीं बनाया निशाना

ब्रह्मास्त्र इंदौर। नगर निगम, इंदौर में दरोगा के पद पर तैनात पीए करोड़ों का आसामी निकला। मंगलवार सुबह ईओडब्लू को उसके घर पर छापे के दौरान दरोगा के यहां प्रॉपर्टी, स्कूल, कार, ज्वेलरी और भूंखडों की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार 26 साल की नौकरी में करीब 55 लाख रुपए वेतन मिला, लेकिन उसके अनुपात में दरोगा के पास कई गुना ज्यादा प्रॉपर्टी है। जांच में करीब 2 करोड़ से अधिक की चल-अचल संपत्ति की जानकारी सामने आई है।

संजय शुक्ला का करीबी होने के चलते एकाएक कार्रवाई!

मुकेश पांडे कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के उपाध्यक्ष हैं। विष्णु प्रसाद शुक्ला इस समाज के अध्यक्ष हैं। कार्रवाई को लेकर ब्राह्मण समाज के लोग कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला से पांडे के पारिवारिक संबंधों को भी जोड़कर देख रहे हैं। ईओडब्ल्यू अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई शिकायतों के आधार पर की गई है। इस कार्रवाई के पीछे यह भी माना जा रहा है कि कोई अधिकारी या कर्मचारी महापौर चुनाव में किसी भी दल को सपोर्ट न करें।

2 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी मिली

एसपी धनंजय शाह की टीम अवंतिका नगर स्थित नगर निगम के दरोगा मुकेश पांडे के यहां कार्रवाई की। जिसमें उनके अलग-अलग ठिकानों पर करीब 2 करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा किया गया। पांडे नगर निगम में भव्या मित्तल के पीए के साथ राजस्व विभाग में पदस्थ हैं। सूत्रों के अनुसार पांडे की पहले भी कई शिकायतें हो चुकी हैं। जिनकी जांच की जा रही है।