लाडली लक्ष्मी को जोड़कर भाजपा होगी और मजबूत

भाजपा महिला मोर्चा सक्रिय: अगले विधानसभा चुनाव में मातृशक्ति के सहारे चुनावी वैतरणी पार करने की रणनीति

ब्रह्मास्त्र इंदौर। हाल ही में चार राज्यों में मिली जीत के बाद अब मप्र में भी भाजपा ने अगले विधानसभा चुनाव के लिए मजबूती देना शुरू कर दिया है। खास बात यह कि इस बार चुनाव में प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा का भी अहम रोल रहेगा क्योंकि अभी इसकी तैयारियों के लिए डेढ़ साल बाकी है। इतनी अवधि चुनाव की तैयारियों के लिए पर्याप्त है।
इस चुनाव में महिला मोर्चा को पार्टी के शीर्षस्थ नेतृत्व ने जो गुर दिए हैं, उस पर मोर्चा अब पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। जल्द ही इसका असर मैदानी तौर के साथ सोशल मीडिया पर भी दिखेगा। मोर्चा को इस बात के लिए ट्रेंड किया जा रहा है कि कैसे केंद्र में भाजपा की जीत में सोशल मीडिया की भूमिका रही। महिला मोर्चा इस बार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से कांग्रेस को कड़ी टक्कर देगा।

ये है भाजपा मातृ शक्ति के फार्मूले

– उप्र के विधानसभा चुनाव में महिला मोर्चा का बहुत बड़ा योगदान रहा है। इसकी जमीन कैसे तैयार की थी और अब यहां कैसे करेंगे, यह खास आधार है।
– पार्टी का आईटी सेल महिला मोर्चा को सोशल मीडिया की ताकत बताने के साथ उसका भरपूर उपयोग कराएगा।
– प्रदेश में 42 लाख लाडली लक्ष्मी हैं। यह योजना 15 साल पहले लांच की गई थी। महिला मोर्चा इन्हें और इनके परिवारों को पार्टी से जोड़ेगा।
– महिला मोर्चा को कन्या विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवार की कन्याओं का विवाह कराना और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को पार्टी से जोड़ेगा।
– 8 मई से लाडली लक्ष्मी योजना-2 शुरू की जा रही है। डेढ़ साल में जितनी लाडली लक्ष्मी को इसका लाभ मिलेगा, उनके परिवारों को भी महिला मोर्चा जोड़ेगा और पार्टी को मजबूती देगा।