उत्तरी हवा से सर्द हुई रात, न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री

उज्जैन। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के साथ पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तरी हवा का रुख बदल चुका है। शहर में वर्ष 2022 की अंतिम रात और 2023 की सुबह कड़ाके की ठंड और कोहरा दिखाई दिया था। नववर्ष की पहली रात भी काफी सर्द रही। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के करीब आ गया।
नव वर्ष का प्रथम दिन रविवार था, वहीं उससे पहले 2022 का अंतिम दिन शनिवार मौसम के बदलाव का रहा। नववर्ष का सवेरा कड़ाके की ठंड और कोहरे के साथ हुआ था। वही दसरे दिन सोमवार को भी तेज ठंड बनी रही। रविवार-सोमवार रात उत्तरी हवा के बाद शीतलहर का अहसास हो गया। न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान भी 23 डिग्री पर आ गया था। 4 दिन पहले दिन का तापमान 29 डिग्री दर्ज हुआ था। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त के अनुसार जनवरी माह का प्रथम सप्ताह ठंड के बीच गुजरने अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के चलते कोहरा भी छाया रहेगा। शीतलहर से ठिठुरन बढ़ जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ में बदलाव के कारण मौसम सर्द हुआ है। दूसरे सप्ताह में भी पश्चिमी विक्षोभ के आसर बनते दिखाई दे रहे है। न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच रह सकता है। उत्तर की ओर से आ रही हवा 10 से 12 किमी. प्रतिघंटे की हो सकती है।