ठंड बढ़ते ही भगवान की दिनचर्या में बदलाव, ऊनी वस्त्र पहनाकर गर्म दूध-भोजन परोस रहे सांदीपनि आश्रम में सिगड़ी जलाकर गर्म रखा जाएगा कमरा, मकर संक्रांति तक रहेगी विशेष व्यवस्था

उज्जैन। उत्तर से आ रही सर्द हवाओं के कारण शहर में ठंड का असर बढ़ने लगा है। मंदिरों में विराजित भगवान को भी ठंड से बचाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में भगवान महाकाल को गर्म पानी से स्नान कराया जा रहा है, वहीं मंगलनाथ रोड स्थित सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण, बलराम, सुदामा, गुरु सांदीपनि और गुरुमाता को ऊनी वस्त्र पहनाए गए हैं। उनके खानपान में भी बदलाव किया गया है। अब भगवान को गर्म दूध और गर्म भोजन परोसा जा रहा है।
ऊनी वस्त्रों के साथ टोपी भी पहनाई, सिगड़ी से गर्म रहेगा कमरा
सांदीपनि आश्रम में सर्दी शुरू होते ही भगवान की दिनचर्या बदल दी जाती है। यहां भगवान श्रीकृष्ण, बलराम और उनके सहपाठी सुदामा के साथ गुरु सांदीपनि और गुरुमाता सुश्रुसा को भी गर्म कपड़े और टोपी पहनाई गई है। भगवान श्रीकृष्ण की बाल स्वरूप प्रतिमा के सामने सिगड़ी में अलाव जलाकर कमरे को गर्म रखा जाएगा। इसके साथ ही उन्हें ठंड से बचाने के लिए गर्म दूध और भोजन परोसा जा रहा है।
मकर संक्रांति तक जारी रहेगी व्यवस्था
आश्रम में यह विशेष व्यवस्था सूर्य के उत्तरायण होने तक जारी रहेगी। मकर संक्रांति के अगले दिन से भगवान की दिनचर्या फिर सामान्य कर दी जाएगी। मंदिर के पुजारी पं. कीर्ति व्यास के अनुसार, हर साल ठंड शुरू होते ही भगवान को सर्दी से बचाने के लिए इसी तरह इंतजाम किए जाते हैं। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण, बलराम और सुदामा ने यहां अपने बाल्यकाल में शिक्षा प्राप्त की थी। इसी भाव से उनकी बच्चों की तरह देखभाल की जाती है।
महाकाल को भी गर्म पानी से कराया जा रहा स्नान
ठंड के मौसम को देखते हुए भगवान महाकाल की दिनचर्या में भी बदलाव किया गया है। दिवाली से एक दिन पहले रूप चौदस से भगवान महाकाल को गर्म पानी से स्नान कराया जा रहा है। वहीं देवउठनी ग्यारस के अगले दिन से भगवान श्रीकृष्ण की दिनचर्या में भी बदलाव किया गया है। उन्हें गर्म दूध और भोजन अर्पित किया जा रहा है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment