एम्बुलेंस के अभाव में हो रही मौतों और निजी वाहनों की मनमानी पर बीएमओ से तत्काल की कार्रवाई की मांग

​बड़नगर। नगर में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल व्यवस्था, आपातकालीन समय पर सरकारी एम्बुलेंस उपलब्ध न होने और निजी वाहनों द्वारा की जा रही मनमानी वसूली जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर शिवसेना ने कड़ा रुख अपनाया है। शिवसेना नेता प्रभात पुरानिया और नगर अध्यक्ष संतोष बगेरवाल ने सिविल अस्पताल बड़नगर पहुंचकर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर  एवं मुख्य चिकित्सक से सीधा संवाद किया और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की।
​चर्चा के दौरान पदाधिकारियों ने बीते दिनों एम्बुलेंस और ऑक्सीजन के अभाव में हुई जनहानि पर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने नगर की सभी एम्बुलेंस एवं इमरजेंसी वाहनों की स्थिति, उपलब्धता, तकनीकी हालत और उनमें ऑक्सीजन सिलेंडर जैसी बुनियादी सुविधाओं की जांच करने का विषय प्रमुखता से उठाया।
 रखी गई प्रमुख मांगें-
​24 घंटे एम्बुलेंस उपलब्धता: नगर में आपातकालीन परिस्थितियों के लिए 24 घंटे सरकारी एम्बुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और कई दिनों से बंद पड़ी 108 एम्बुलेंस को तत्काल सुधारा जाए।​

                                  मनमानी वसूली पर रोक: अस्पताल परिसर में ‘रोगी कल्याण समिति’ की सरकारी रेट लिस्ट चस्पा की जाए तथा तय दरों से अधिक किराया वसूलने वाले निजी वाहनों पर सख्त कार्रवाई हो।​

इमरजेंसी वाहनों की जांच: शहर की सभी प्राइवेट एम्बुलेंस एवं इमरजेंसी वाहनों की तकनीकी हालत और उनमें ऑक्सीजन व आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों की तत्काल जांच की जाए।
​जांच सुविधाएं सुचारू हों: अस्पताल में बंद पड़ी एक्स-रे (X-Ray) एवं सोनोग्राफी सेवाओं को जल्द से जल्द शुरू कर आम जनता को राहत दी जाए।
​पदाधिकारियों ने  कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं जनता का अधिकार हैं, कोई एहसान नहीं। किसी भी व्यक्ति की जान केवल व्यवस्था की कमी के कारण नहीं जानी चाहिए। जनता की जान और स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जब तक व्यवस्था में ठोस सुधार नहीं होता,  यह जनहित संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment