महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर विद्यालय  मे हिंसा एवं अपराधों से बचाव के संबंध में किया जागरूक

नीमच। – अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  हेमलता अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों एवं बाल विवाह की रोकथाम के प्रति  जागरूक किया गया।  पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा की रोकथाम तथा उनके लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण निर्मित करने के उद्देश्य से 16 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत पुलिस एवं समुदाय के मध्य सहभागिता को सुदृढ़ करने तथा जनसहयोग से महिला एवं बालिका सुरक्षा के प्रति व्यापक जागरूकता लाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में दिनांक 27.11.2026 को शासकीय माध्यमिक विद्यालय ग्राम चिताखेड़ा में नीमच पुलिस एवं जन साहस संस्था के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  हेमलता अग्रवाल द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा विभिन्न प्रकार की हिंसा एवं अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देकर जागरूक किया गया।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध घटित होने वाले विभिन्न अपराधों, उनके कानूनी अधिकारों तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में बताया गया। साथ ही सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के बढ़ते उपयोग के दृष्टिगत ऑनलाइन माध्यमों से होने वाले साइबर अपराधों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
साइबर सुरक्षा के संबंध में विशेष रूप से सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर धोखाधड़ी करना, साइबर स्टॉकिंग, साइबर बुलिंग, मॉर्फ्ड फोटो एवं डीपफेक, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, निजी फोटो एवं व्यक्तिगत जानकारी का दुरुपयोग तथा ऑनलाइन वित्तीय ठगी जैसे अपराधों के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी गई। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, अपनी निजी जानकारी एवं फोटो सोशल मीडिया पर साझा करने में सावधानी बरतें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन गतिविधि से बचें।साइबर अपराध घटित होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, साइबर क्राइम पोर्टल www.cybercrime.gov.in अथवा नजदीकी पुलिस थाना एवं साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment