उज्जैन-नागदा रोड पर कार-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत:पीछे से आई दूसरी कार भी भिड़ी, एक परिवार के 6 लोग घायल

उज्जैन \

उज्जैन-नागदा मार्ग पर गुरुवार को रूई-गढ़ा गांव के पास कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ही परिवार के 6 लोग घायल हो गए। इनमें 3 महिलाएं, 2 पुरुष और एक बच्चा शामिल है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नागदा की ओर से आ रही कार की उज्जैन की तरफ से जा रहे ट्रक से भिड़ंत हुई। ट्रक में परचूनी का सामान भरा हुआ था। टक्कर के बाद ट्रक के पीछे चल रही एक अन्य कार भी अचानक ब्रेक लगने से ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। हालांकि, दूसरी कार में सवार किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई, लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

ग्रामीणों ने कार में फंसे लोगों को निकाला

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त कार में फंसे सभी 6 लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस ने मामला जांच में लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment