पत्नी से बात करने पर मारपीट रास्ता रोक बदमाश ने युवक को मारा चाकू, आनलाइन हुई धोखाधड़ी ,

उज्जैन। रात में घर लौट रहे युवक का बदमाश ने रोका और अड़ीबाजी कर रुपये मांगे। दोनों के बीच कहासुनी हुई तो बदमाश ने चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने 6 धारा में प्रकरण दर्ज कर बदमाश की तलाश शुरू की है।
नागझिरी थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम चंदेसरा में रहने वाले अजय पिता विक्रमसिंह पटेल 32 साल मंगलवार-बुधवार रात 11.30 बजे पैदल घर लौट रहा था। गांव ने रहने वाले विजय ने रास्ता रोका और गाली-गलौच कर 2 हजार रुपये मांगने लगा। अजय ने विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। विजय ने पहले थप्पड-मुक्को से मारपीट की और चाकू से वार कर घायल कर दिया। मामले में घायल अजय ने थाने आकर शिकायत दर्ज कराई। उसे मेडिकल के लिये अस्पताल भेजा गया और बयान दर्ज कर मामले में रास्ता रोकने, गाली-गलौच करने, अवैध वसूली करने और चाकू मारने की धारा में प्रकरण दर्ज किया गया। चाकू मारने वाला बदमाश रात में ही गांव से भाग निकला था। जिसकी तलाश में परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
पंवासा थाना क्षेत्र के प्रतापनगर में मंगलवार रात 10.30 बजे सुधीर पिता मोहनलाल गोमे 39 साल निवासी गोपालपुरा के साथ नागेश्वर नामक युवक ने लोहे के पाईप से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पंवासा थाना पुलिस ने बताया कि सुधीर की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है। मामला नागेश्वर की पत्नी से जुड़ा सामने आया है। सुधीर उसकी पत्नी से बात करता है। नागेश्वर ने उसे बात करने से मना किया था, इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ और सुधीर के साथ मारपीट की गई है।
आनलाइन धोखाधड़ी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। एक बार फिर 2 लोगों के साथ हुई 6.63 लाख की धोखाधड़ी के मामले में 2 थाना पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज किये गये है।माधवनगर थाना पुलिस ने बताया कि शास्त्रीनगर में रहने वाले मोहित पिता कैलाश शर्मा के साथ लोटस अस्पताल में 17 नवम्बर को आॅनलाइन धोखाधड़ी हुई। उसे खाते से 24 हजार 372 रूपये निकले का मैसेज मिला तो उसके द्वारा तत्काल साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई गई। जहां से मामला पुलिस के पास पहुंचा। इसी प्रकार नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंकदरी में रहने वाले आंनद आंजना के खाते से 6.39 लाख रूपये निकाल लिये गये। मोबाइल पर खाते से रुपये निकले का मैसेज मिला तो धोखाधड़ी का पता चला। आनंद द्वारा भी साइबर हेल्पलाइन नम्बर पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शहर में लगातार पुलिस द्वारा आॅनलाइन धोखाधड़ी के मामले दर्ज किये जा रहे है। जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, लेकिन शातिर बदमाशों द्वारा हर दिन धोखाधड़ी के तरीके बदले जा रहे है। लोगों का पता नहीं चल पाता है कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। मोबाइल पर मैसेज मिलने और बैंक जाने पर जानकारी मिल रही है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment