खुद को दादा बताकर हफ्ता मांगने वाले बदमाशों का निकाला जुलूस

उज्जैन। खुद को क्षेत्र का दादा बताकर 2 लोगों से हफ्ता मांगने वाले 2 बदमाशों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उनका क्षेत्र में जूलूस निकाला। बदमाश अब हफ्ता नहीं मांगने की बात कहते रहे और माफी मांगते रहे। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है।
चिमनगंज थाना टीआई अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि पुष्पांजलि नगर  में रहने वाले पवन पिता कमलेश 23 साल और अनुज पिता उमेश दिक्षित 19 साल को सोमवार रात गिरफ्तार किया था। दोनों के खिलाफ 12 दिन में 2 अवैध वसूली के प्रकरण दर्ज किये गये थे। बदमाश खुद को क्षेत्र का दादा बताकर लोगों में दहशत फैलाते थे और अवैध रूपयों की मांग करते थे। रूपये नहीं देने पर उनके द्वारा मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। क्षेत्र में उनकी दहशतगर्दी को कम करने के लिये उन्हे पुलिस अभिरक्षा में उसी स्थान पर ले जाया गया, जहां हफ्ता वसूली की मांग कर मारपीट की गई थी। अपराध की तस्दीक कराने के साथ उनका जुलूस भी निकाला गया। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।
बदमाशों का पहला अपराध सईदनगर में
चिमनगंज थाना पुलिस के अनुसार दोनों बदमाशों ने पहला अपराध 14 नवम्बर को इमरत सिंह दोहरे निवासी सईद नगर की शिकायत पर दर्ज किया गया था। इमरत के अनुसार वह पानी-पताशे का ठेला लेकर घर लौट रहा था, इसी दौरान आरोपी पवन डागर अपने दो साथियों के साथ आया और सईद नगर का दादा बताते हुए ठेला लगाने के एवज में 2 हजार रुपये प्रतिमाह हफ्ता देने की मांग करने लगा। रुपये देने से मना करने पर उसके साथ गाली-गलौच की गई और थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की।
दूसरा अपराध बापूनगर चौराहा पर
दोनों बदमाशा ने 23 नवम्बर की रात बापूनगर में रहने वाले 15 साल के बालक को चौराहा पर उस वक्त रोका जब वह अपनी नानी के यहां से अपने घर जा रहा था। बदमाश पवन डागर और अनुज दीक्षित ने उससे शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग की, मना करने पर दोनों ने उसके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की, नाबालिग को सीने में चोट आई थी। दोनों मामलों में बदमाशों के खिलाफ धारा 119(1), 296, 115(2), 351(3), 3(5) का प्रकरण दर्ज किया था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment