उज्जैन। महाकाल मंदिर में अनाधिकृत तरीके से व्यवसायिक तौर पर रील बनाने का सोशल मीडिया पर प्रचार करने वाले 3 नाबालिगों को मंदिर प्रशासन ने स्टिंग आपेरशन के दौरान पकड़ा है। तीनों के मोबाइल बरामद कर पुलिस को सौंपा गया है।
12 ज्योर्तिलिंगों में विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में महाकाल लोक बनने के बाद देशभर से श्रद्धालु प्रतिदिन आ रहे है। श्रद्धालुओं को भ्रमित करने के लिये कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पेज इंस्टाग्राम पर भ्रामक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक और जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवाडिया के अनुसार सूचना मिलने पर संबंधित इंस्टाग्राम पेजों की गतिविधियों पर निगरानी रख स्टिंग आॅपरेशन किया जा रहा है। इसी कड़ी में इंस्टाग्राम पर मंदिर में रील शूटिंग की बुकिंग कराई जाने की जानकारी सामने आई थी। जिसके एवज में रुपये भी मांगे जा रहे थे। मामले में सीसीटीवी कैमरों से पूरे मंदिर परिसर में नजर रखी जा रही थी। मंगलवार को 3 युवकों को अनाधिकृत रूप से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुये पकड़ा गया। तीनों को मंदिर समिति कार्यालय लाया गया, जो नाबालिग होना सामने आये। उनके मोबाइल बरामद कर उन्हे वैधानिक कार्रवाई के लिये महाकाल थाना पुलिस को सौंपा गया है। सहायक प्रशासक ने स्पष्ट किया कि मंदिर प्रबंध समिति की और से मंदिर परिसर में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की व्यावसायिक शूटिंग, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी प्रतिबंधित है। सोशल मीडिया पर इस प्रकार की अनाधिकृत गतिविधियों को वैध बताकर व्यावसायिक दावा करना गंभीर विषय था। श्रद्धालुओं को भ्रमित करने वाले झूठे दावों, मंदिर की व्यवस्थाओं का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सतर्कता बरतते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। मंदिर की धार्मिक गरिमा, सुरक्षा एवं नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंदिर समिति के स्टिंग आॅपरेशन में पकड़े गये नाबालिगों के संबंध में थाना प्रभारी गगन बादल का कहना था कि मंदिर समिति की ओर से पत्र मिलने के बाद तीनों के खिलाफ विधिमान्य कार्रवाई की जायेगी। फिलहाल उनके अभिभावको को सूचना दी गई है और पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मंदिर परिसर में रील बनाने का प्रचार कर उन्होने अब तक कितने श्रद्धालुओं से पैसे वसूले है।
भस्मारती बुकिंग के नाम पर हुआ था प्रचार
कुछ दिनों पहले इंस्टाग्राम पेज पर महाकाल मंदिर में भस्मारती बुकिंग के नाम पर प्रचार किया जा रहा था। उक्त मामला भी मंदिर समिति के स्टिंग आॅपरेशन में सामने आने के बाद महाकाल थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया था, मामले में गाजियाबाद से कोचिंग सेंटर संचालक और रतलाम के युवक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ कर रही है। उनसे कुछ लोगों को भस्मारती कराने के साथ चांदी द्वार से दर्शन करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उनके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगा रही है। जिनकी गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है। पुलिस को आंशका है इस मामले में मंदिर से जुड़े स्थानीय व्यक्ति भी शामिल हो सकते है।
मंदिर प्रशासन के स्टिंग आपरेशन में पकड़ाये 3 नाबालिग इंस्टाग्राम पर महाकाल मंदिर में रील बनाने का प्रचार