लुधियाना
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल 6 साल बाद फिर साथ आए हैं। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में गृहमंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन का ऐलान किया।अमित शाह ने कहा- पंजाब में दोनों दल मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। चुनाव जीतने के बाद अकाली दल का नेता ही मुख्यमंत्री बनेगा। सीट शेयरिंग पर फैसला अभी नहीं हुआ है।
सुखबीर बोले- भाजपा से हमारा रिश्ता नाखून-मांस जैसा
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक गठबंधन नहीं है। यह इमोशनल गठबंधन है। मेरे पिता कहते थे कि यह नाखून-मांस का गठबंधन है। जितनी देर यह गठबंधन रहा पंजाब तरक्की पर रहा। पंजाब में शांति रही।
यह रिश्ता मेरे पिताजी और अटल अडवाणी जी ने बनाया था। यह एक पारिवारिक रिश्ता है। पंजाब को बचाने की जरूरत है।
अकाली दल हिंदुस्तान की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है। देश की आजादी और आजादी के बाद भी हमने अहम योगदान निभाया।
अकाली दल के 3 मुद्दों पर शाह के जवाब
1. किसानों का मुद्दा
- अकाली दल का पक्ष: सुखबीर बादल ने किसानों की समस्याओं और कृषि कानूनों को लेकर उनकी मांगों पर समाधान निकालने की बात रखी।
- शाह का जवाब: किसानों के मुद्दे पर सुखबीर बादल के साथ तीन महीने तक विस्तार से चर्चा हुई है। किसानों की एक-एक समस्या को समझा गया। तीन महीने के भीतर इन समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिया गया है।
2. बंदी सिखों की रिहाई का मुद्दा
- अकाली दल का पक्ष: सुखबीर बादल ने बंदी सिखों की रिहाई की मांग रखी। अकाली दल ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार से सकारात्मक कदम उठाने की अपील की।
- शाह का जवाब: बंदी सिखों की रिहाई को लेकर दोनों पार्टियों का अपना-अपना स्टैंड है। इस मुद्दे पर दोनों पार्टियां बैठकर विस्तार से चर्चा करेंगी और कोई रास्ता निकालने का प्रयास करेंगी।
3. करतारपुर कॉरिडोर खोलने की मांग
- अकाली दल का पक्ष: सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक भावन को देखते हुए करतारपुर कॉरिडोर को दोबारा खोलने की मांग उठाई गई।
- शाह का जवाब: करतारपुर कॉरिडोर प्रधानमंत्री मोदी ने बनवाया है। सरकार इसे खोलना चाहती है। राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे बंद किया गया है। जैसे ही परिस्थितियां सामान्य होंगी, कॉरिडोर खोल दिया जाएगा।