आधी रात को हरिहर मिलन,सुबह फिर हुआ, मात्र स्थान बदला रात में गोपाल मंदिर में मिलन, सुबह भस्मार्ती में श्री हरि का पूजन  सवारी के रास्ते में जमकर हुडदंग,भीड में पटाखे चलाए

उज्जैन। रविवार रात को कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष वैकुंठ चतुर्दशी पर हरिहर मिलन का अद्भूत प्रसंग उज्जैन में आस्था के साथ मनाया गया। आधी रात को श्री महाकालेश्वर मंदिर से सवारी के साथ भगवान चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में श्री द्वारकाधीश गोपाल मंदिर पहुंचे थे । यहां भगवान शिव(हर) और भगवान विष्णु (हरि) का हरिहर मिलन हुआ तो सोमवार की सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्मारती के दौरान भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना भी भगवान के साथ की गई। रविवार रात में जहां भगवान महाकाल की सवारी गोपाल मंदिर पहुंची थी। भगवान के विग्रह को द्वारकाधीश गोपाल जी के सम्मुख बैठाया गया था। यहां हर ने बिल्व पत्र की माला श्री हरि को एवं श्री हरि ने तुलसीदल की माला श्री हर को भेंट की थी। श्री हर को हल्दी का मस्तक पर लेप किया गया था। सोमवार तडके श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान की भस्मार्ती के दौरान  अवंतिकाधिपति के यहां  श्रीहरि विष्णु का पूजन हुआ। इस तरह वैकुंठ चतुर्दशी पर हर और हरि के मिलन की परंपरा का दोनों समय अलग-अलग स्वरूप में दर्शन हुआ।रात में हरि से मिलने हर पहुंचे थे तो सुबह हरि स्वयं हर के दरबार में पूजित हुए। सोमवार सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर में नियमित भस्मारती के दौरान वैकुंठ चतुर्दशी के विशेष अवसर पर भगवान विष्णु का पूजन और आरती की गई।सृष्टि का भार अब श्री हरि के पास-मंदिर प्रबंध समिति से जारी अधिकृत प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष वैकुण्‍ठ चतुर्दशी पर श्री हर ने (श्री महाकालेश्‍वर भगवान) श्री हरि (श्री गोपाल भगवान) को सृष्टि का भार सौपा। श्री हरि की हुई श्री हर से भेंट इस नयनाभिराम दृश्य के साक्षी उज्जैन की भक्तवत्सल प्रजा बनी। 22 नवम्‍बर को रात्रि 11 बजे भगवान श्री मनमहेश जी के स्वरूप में रजत पालकी में विराजमान होकर श्री हरि श्री द्वारकाधीश जी से भेंट करने गोपाल मंदिर गए और चातुर्मास उपरान्त उनको सम्पूर्ण सृष्टि कार्यभार सौपा। भगवान श्री महाकालेश्वर जी की सवारी श्री महाकालेश्‍वर मंदिर से महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा, पटनी बाजार होते हुए गोपाल मंदिर पहुची। जहॉ शासकीय पुजारी घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में पूजन के दौरान बाबा श्री महाकालेश्‍वर जी की ओर से बिल्‍वपत्र की माला श्री गोपाल जी को भेंट की गयी एवं वैकुण्‍ठनाथ अर्थात श्री हरि तुलसी की माला बाबा श्री महा‍कालेश्‍वर जी को भेंट की। पूजन के बाद सवारी पुन: इसी मार्ग से श्री महाकालेश्‍वर मंदिर वापस आयी।सवारी के साथ श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, प्रशासक एवं अपर कलेक्‍टर प्रथम कौशिक, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी/पुरोहित पर्याप्‍त संख्‍या में पुलिस बल, नगर सैनिक, विशेष सशस्‍त्र बल की टुकडियॉ तथा श्री महाकालेश्‍वर बैण्‍ड आदि सम्मिलित हुए।देव शयनी से देवउठनी का क्रम-मान्यता है कि देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक भगवान विष्णु पाताल लोक में राजा बलि के यहां विश्राम करने जाते हैं । उस समय पृथ्वी लोक की सत्ता भगवान देवाधिदेव महादेव के पास होती है और वैकुंठ चतुर्दशी के दिन भगवान शिव यह सत्ता पुनः श्री विष्णु को सौंप कर कैलाश पर्वत पर तपस्या के लिए लौट जाते हैं। इस दिवस को वैकुंठ चतुर्दशी, हरि-हर भेट भी कहते है।सवारी के रास्ते में हुडदंग,भीड में पटाखे चलाएहरिहर मिलन के आयोजन की सवारी के दौरान रास्ते में युवकों ने जमकर हुडदंग किया है। हिंगोट राकेट चलाने के साथ युवकों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने इस दौरान करीब आधा दर्जन युवकों को खतरनाक तरीके से पटाखे चलाने के मामले में पकडा है। प्रतिबंधात्मक आदेश होने के चलते पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक युवकों पर प्रतिबंधात्मक धारा में कार्रवाई की है।कुछ को समझाइश के बाद छोड दिया गया। सवारी महाकाल थाना एवं खाराकुंआ क्षेत्र में श्री महाकालेश्वर मंदिर से श्री द्वारकाधीश गोपाल मंदिर तक निकाली गई थी। महाकाल थाना पुलिस ने कलेक्टर के प्रतिबंधात्मक आदेश के विरूद्ध हिंगोट,राकेट एवं पटाखें चलाने पर हुडदंग करने एवं पटाखे चलाने पर 7 युवकों को चिन्हित कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।प्रतिबंध एवं हिदायत के बाद भी हुडदंग-यहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने पटाखे चलाने वालों को पकड़ा। भीड़ में मौजूद युवकों की तलाशी भी ली। पुलिस ने पटाखेबाजी व हुडदंग करने वाले कई युवकों को पकड़कर थाने पहुंचाया। इनमे से कई को समझाईश के बाद छोड दिया गया। खाराकुआं थाना पुलिस ने भी पटाखे चलाने वाले इंदौर के कुछ युवकों को पकड़ा और थाने लाकर समझाइश के बाद छोड दिया गया। हिंगोट,राकेट चलाने के साथ भीड में पटाखे चलाने के विडियो सोश्यल मिडिया पर भी जमकर वायरल हुए । इसे लेकर सोश्यल मिडिया पर श्रद्धालुओं ने सख्त कमेंट्स भी किए हैं। भारी पुलिस बल ने जमकर सख्ती की इसके बाद भी हुडदंगी युवक मानने को तैयार नहीं थे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment