उज्जैन \ खड़े हनुमान मंदिर में स्थापित प्राचीन प्रतिमा को हटाने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए जाने के 87 दिन बाद रविवार सुबह करीब 6 बजे प्रशासनिक टीम विशेष इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ मंदिर पहुंची।टीम ने प्रतिमा के आसपास रखी सामग्री हटवाकर करीब आधे से पौने घंटे तक स्कैनिंग की। मंदिर के पुजारी को बुलाकर जांच की प्रक्रिया पूरी की गई।मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, इससे पहले 29 सितंबर को भी टीम मंदिर पहुंची थी, लेकिन उस जांच की रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। 30 अगस्त से शुरू हुई प्रतिमा हटाने की प्रक्रिया खड़े हनुमान मंदिर को हटाने की कार्रवाई 30 अगस्त 2026 को शुरू करने का प्रयास किया था। उस समय श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों के विरोध के कारण कार्रवाई रोकनी पड़ी।इसके बाद 1 सितंबर को प्रशासनिक टीम दोबारा पहुंची और करीब 16 घंटे की कार्रवाई में मंदिर का शिखर और ऊपरी हिस्सा हटाया गया। 4 सितंबर को मंदिर का मुख्य ढांचा भी हटा दिया गया। प्रशासन की योजना करीब 8 फीट ऊंची प्राचीन प्रतिमा को टंकी चौक के पास बनाए गए नए मंदिर में स्थापित करने की थी। डेढ़ फीट खुदाई के बाद भी नहीं मिली प्रतिमा की नींव 5 से 7 सितंबर के बीच प्रतिमा के आसपास करीब डेढ़ फीट खुदाई की गई, लेकिन उसका आधार नहीं मिला और प्रतिमा अपनी जगह से नहीं हिली। इसके बाद 8 सितंबर को प्रतिमा की स्थिति जानने के लिए वैज्ञानिक जांच कराने का निर्णय लिया गया। 9 सितंबर को प्रशासन ने कहा था कि आम सहमति और प्रतिमा की सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना आगे कार्रवाई नहीं की जाएगी।15 सितंबर को आईआईटी इंदौर की टीम ने ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर) तकनीक से प्रतिमा के नीचे की संरचना की स्कैनिंग की थी। इसके बाद भी जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं हुए। 29 सितंबर को एक और टीम ने जांच की थी। अब 22 नवंबर को एक बार फिर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ टीम पहुंची। मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए जाने के बाद से अब तक 87 दिन बीत चुके हैं, लेकिन प्रतिमा अभी भी अपने मूल स्थान पर टेंट के नीचे विराजमान है ।शिवेंद्र तिवारी बोले- स्कैनिंग के नाम पर प्रतिमा हटाने की पटकथा लिखी जा रही भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने रविवार सुबह हुई कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन अलग-अलग प्रकार की स्कैनिंग के माध्यम से प्रतिमा को हटाने का प्रयास कर रहा है। पहले भोपाल की टीम आई थी, लेकिन उसकी रिपोर्ट भी सार्वजनिक नहीं की गई। रविवार सुबह करीब पौने 6 बजे टीम पहुंची और पुजारी को बुलाकर प्रतिमा के चारों तरफ उपकरणों से स्कैनिंग की गई।हिंदू समाज अपनी भावना स्पष्ट कर चुका है कि प्रतिमा को मूल स्थान पर ही रखा जाना चाहिए। इसके बावजूद प्रतिमा हटाने की कोशिश क्यों की जा रही है, यह समझ से परे है। जांच के बाद प्रतिमा के सामने झुकी टीम, प्रणाम कर लौटी शिवेंद्र तिवारी के मुताबिक, जांच के बाद टीम के सदस्य हनुमानजी के चरणों में झुके और प्रणाम करके वहां से रवाना हुए। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि जांच करने आए लोगों की भी प्रतिमा के प्रति आस्था है। प्रशासन से आग्रह है कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रतिमा को मूल स्थान से नहीं हटाया जाए। टेंट के नीचे विराजमान हैं हनुमानजी मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए जाने के बाद प्राचीन प्रतिमा की सुरक्षा के लिए उसके ऊपर कैनोपी यानी टेंट लगाया गया है। श्रद्धालु प्रतिमा को मूल स्थान पर ही सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं। कुछ श्रद्धालु इसकी तुलना अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से पहले भगवान राम के टेंट में विराजमान रहने की स्थिति से भी कर रहे हैं। फिलहाल प्रतिमा को लेकर प्रशासन की अगली कार्रवाई और रविवार को हुई स्कैनिंग की रिपोर्ट का इंतजार है।
खड़े हनुमान मंदिर की 87 दिन बाद हुई स्कैनिंग:विशेष उपकरणों के साथ मंदिर पहुंची टीम; पुजारी की मौजूदगी में पूरी हुई प्रक्रिया