उज्जैन में शनिवार शाम शंखनाद और दीप प्रज्ज्वलन के साथ सात दिवसीय 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ।उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली शामिल हुए और संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।इस मौके पर वर्ष 2026 का राष्ट्रीय कालिदास सम्मान प्रख्यात रंगकर्मी वाणी त्रिपाठी टिक्कू को प्रदान किया गया। उन्हें सम्मान के साथ पांच लाख रुपए की राशि का चेक दिया गया। शुभारंभ के बाद अतिथियों ने राष्ट्रीय कालिदास चित्र एवं मूर्तिकला प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।सीएम बोले- अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुका है कार्यक्रममुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि उज्जयिनी सम्राट विक्रमादित्य की नगरी है। यहां काल, कला और महाकवि कालिदास की गौरवशाली परंपरा का विशेष महत्व है। महाकवि कालिदास ने अपनी लेखनी से भारतीय सांस्कृतिक चेतना को विश्व पटल पर अमर किया है। उनकी रचनाएं साहित्य, सौंदर्य, संवेदना और सृजन का अद्भुत संगम हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि कालिदास समारोह के माध्यम से पिछले 67 वर्षों से साहित्य, नृत्य, संगीत और रंगमंच की विरासत के संरक्षण और संवर्धन का काम हो रहा है।यह आयोजन अब राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुका है। उन्होंने समारोह की शुरुआत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पद्मभूषण पंडित सूर्यनारायण व्यास का स्मरण करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से बोया गया बीज आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है। मुख्यमंत्री ने सम्मानित होने वाली वाणी त्रिपाठी टिक्कू को भी बधाई दी।वाणी त्रिपाठी बोलीं- कालिदास सम्मान महान साहित्यिक विरासत से जुड़ने का सौभाग्यराष्ट्रीय कालिदास सम्मान (रंगकर्म) प्राप्त करने के बाद वाणी त्रिपाठी टिक्कू ने कहा कि यह उनके लिए केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि महान साहित्यिक विरासत से जुड़ने का सौभाग्य है।कालिदास केवल कवि और नाटककार नहीं, बल्कि ऐसे दृष्टा थे, जिन्होंने मनुष्य के हृदय, प्रकृति की सुंदरता और रिश्तों की जटिलताओं को अपनी रचनाओं में अभिव्यक्त किया। उनकी रचनाएं हजारों साल बाद भी उतनी ही प्रासंगिक हैं।उन्होंने मध्यप्रदेश से अपने करीब दो दशक पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए भोपाल में नाट्य विद्यालय की स्थापना और उसके विकास में अपनी भूमिका बताई। उन्होंने कहा कि 17 साल पहले मध्यप्रदेश को देश का पहला राजकीय नाट्य विद्यालय दिलाने की दिशा में प्रयास शुरू किए थे।अब यह नाट्य विद्यालय विश्वविद्यालय से संबद्ध हो चुका है। उन्होंने कला और रंगमंच के माध्यम से मनुष्य, प्रकृति और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का संकल्प भी दोहराया।