शिप्रा को स्वच्छ बनाने संतों ने शुरू की प्रदक्षिणा यात्रा:रामघाट से रवाना हुए साधु-संत और श्रद्धालु; 24 को समापन, नदी में दीप नहीं डालने की अपील उज्जैन

उज्जैन \ मां शिप्रा को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाने के संकल्प के साथ शनिवार सुबह रामघाट से संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा शुरू हुई। त्रिशूल शिवगण वाहिनी के तत्वावधान में निकाली जा रही चार दिवसीय यात्रा में बड़ी संख्या में साधु-संत, महंत, महामंडलेश्वर और श्रद्धालु शामिल हुए।ज्योतिष पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज भी वर्चुअली जुड़े और यात्रा को आशीर्वाद दिया। यात्रा का समापन 24 नवंबर को रामघाट पर होगा।रामघाट पर शिप्रा पूजन और संतों के आशीर्वचन के बाद यात्रा रवाना हुई। पहला पड़ाव देवलघाट, ग्राम बोलासा में रहेगा। यहां से यात्रा ग्राम शिप्रा और दकनाखेड़ी होते हुए शिप्रा के उद्गम स्थल उज्जैनी स्थित केवड़ेश्वर धाम पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। अगले तीन दिनों में यात्रा शिप्रा के उद्गम स्थल से गंभीर और चंबल नदी के संगम तक पहुंचेगी। इसके बाद विभिन्न घाटों और धार्मिक स्थलों से होते हुए 24 नवंबर की शाम करीब 5 बजे रामघाट पर लौटेगी।संत बोले- सिंहस्थ में शिप्रा के जल से ही हो स्नानयात्रा में शामिल संतों ने कहा कि नदियां हमारे विराट पुरुष के शरीर की नस-नाड़ियां हैं और मां शिप्रा का विशेष महत्व है। शिप्रा का प्रवाह अविरल बना रहे और श्रद्धालुओं को आगामी सिंहस्थ में इसी के जल से स्नान का अवसर मिले, इसी उद्देश्य से प्रदक्षिणा निकाली जा रही है।संतों ने कहा कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने भी शिप्रा को स्वच्छ, निर्मल और प्रवाहमान बनाने के प्रयासों में आगे आने का आशीर्वाद दिया है। उन्होंने सरकार से आगामी सिंहस्थ शिप्रा के जल में ही आयोजित कराने का संकल्प पूरा करने की अपील की।5100 दीपों से होगा दीपदान, नदी में प्रवाहित नहीं करने की अपीलत्रिशूल शिवगण वाहिनी के त्रिशूलपाणी आदित्य नागर ने बताया कि यात्रा के सभी पड़ावों पर शिप्रा पूजन, चुनरी अर्पण, स्वच्छता के लिए श्रमदान, वृक्षारोपण और धर्म चेतना सभाएं आयोजित की जाएंगी। 24 नवंबर को समापन अवसर पर 5100 दीपों का दीपदान किया जाएगा।उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि दीपदान घाटों पर ही करें और दीपक नदी में प्रवाहित न करें। इससे मछलियों और अन्य जलीय जीवों को नुकसान से बचाया जा सकेगा। समापन पर धर्मगुरुओं के सानिध्य में धर्म चेतना सभा भी आयोजित होगी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment