उज्जैन। परंपरागत रूप से बैकुण्ठ चतुर्दशी के अवसर पर भगवान श्री हरि (श्री विष्णु ) एवं श्री हर (श्री महाकाल ) का मिलन होगा। इस बार 22 नवंबर रविवार रात्रि में यह आयोजन होगा। इसके साथ ही 23 नंवबर को कार्तिक मास की दुसरी सवारी का आयोजन किया जाएगा। करीब 48 घंटे मंदिर समिति एवं जिला प्रशासन के साथ ही नगर निगम के जिम्मेदार कर्त्तव्य की कसौटी पर रहेगे। जिला प्रशासन ने हरिहर मिलन की सवारी के दौरान हिंगोट एवं राकेट चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। भगवान श्री हरि से श्री हरि का मिलन का अनुठा उत्सव उज्जैन में बडे ही सुंदर प्रसंग के साथ आयोजित किया जाता है। इस दौरान भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी रात्रि में सिंधिया देव स्थान ट्रस्ट के द्वारकाधीश श्री गोपाल मंदिर जाती है। यहां दोनों देव आमने सामने रहते हैं। मिलन के दौरान भगवान श्री हरि की और से श्री हर को तुलसी दल की माला अर्पित की जाती है और श्री हर की और से श्री हरि को बिल्व पत्र की माला। इस अनुठे आयोजन को देखने के लिए रात्रि में भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सवारी में शामिल होते हैं।हिंगोट – राकेट पर पूर्ण प्रतिबंध-हरिहर मिलन समारोह के दौरान भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी मार्ग पर आतिशबाजी एवं हिंगोट रॉकेट चलाने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है। कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति रोशन कुमार सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163(1) के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार सवारी के दौरान आतिशबाजी एवं हिंगोट रॉकेट का उपयोग, चलाना, निर्माण करना, विक्रय करना एवं संधारण करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।हरिहर मिलन के दौरान महाकाल मंदिर से रात्रि लगभग 11 बजे भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी कोट मोहल्ला, गुदरी एवं सराफा मार्ग से होते हुए द्वारकाधीश श्री गोपाल मंदिर पहुंचेगी। आतिशबाजी एवं हिंगोट रॉकेट से श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। जारी आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।सृष्टि का कार्यभार सौंपेंगे श्री हर श्री हरि को-हरिहर मिलन की परंपरा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस पावन अवसर पर भगवान श्री महाकालेश्वर (हर), भगवान श्री विष्णु (हरि) को सृष्टि का भार सौंपते हैं। यह मिलन भगवान शिव और भगवान विष्णु के अद्भुत एकात्म भाव का प्रतीक है। परंपरा के अनुसार रात्रि में होने वाले इस आयोजन में पूजन, सवारी एवं अन्य धार्मिक विधान संपन्न होंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के इस दिव्य मिलन के साक्षी बनेंगे।जिम्मदारी की कसौटी के दो दिन-धर्मनगरी उज्जैन में आगामी 22 नवंबर की रात्रि 11 बजे होने वाला हरिहर मिलन और अगले दिन 23 नवंबर को भगवान श्री महाकालेश्वर की कार्तिक-अगहन मास की सवारी प्रशासनिक अधिकारियों एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के कर्मचारियों के लिए जिम्मेदारी की कसौटी जैसी ही रहेगी। परीक्षा से कम नहीं होगी। लगातार दो महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों के चलते प्रशासन और मंदिर समिति की टीम को लगभग 48 घंटे तक निरंतर सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं का संचालन करना होगा। हरिहर मिलन का आयोजन देर रात्रि तक चलने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने अगले दिन की सवारी की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी। दिनांक 22 नवंबर रात्रि 11 बजे हरिहर मिलन सवारी एवं 23 नवंबर को निकलने वाली कार्तिक-अगहन मास की दूसरी सवारी के लिए मंदिर परिसर से लेकर सवारी मार्ग तक विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी। दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं सहित प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा।