उज्जैन । ठंड के दौर में शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है। पारा उज्जैन जिला मुख्यालय पर न्यूनतम 12.5 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया है। ऐसे में स्कूल शिक्षा विभाग ने संज्ञान लेते हुए सभी नर्सरी से 8 वीं कक्षा तक के स्कूलों का संचालन समय प्रात:9 बजे से किया है। इस समय से पूर्व किसी भी स्कूल में इन कक्षाओं का संचालन नहीं किया जाएगा।शीतलहर एवं तापमान में आई गिरावट को देखते हुए जिले के समस्त विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर संभावित प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए कक्षा नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यालयों का संचालन समय तत्काल प्रभाव से परिवर्तित किए जाने का आदेश कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के अनुमोदन से जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्र खत्री ने जारी किया है।आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उज्जैन जिले के अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, सी.बी.एस.ई., आई.सी.एस.ई., माध्यमिक शिक्षा मंडल एवं अन्य सभी बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाओं का संचालन अब प्रातः 9:00 बजे से किया जाएगा। प्रातः 9:00 बजे से पूर्व किसी भी स्थिति में शाला का संचालन नहीं किया जाएगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।आदेश की प्रति सभी को भेजी-जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार खत्री के अनुसार आदेश का पालन समस्त विद्यालय सुनिश्चित करेंगे, ताकि शीत लहर के दौरान विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की जा सके। आदेश की प्रति संबंधित विभागों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, जिला परियोजना समन्वयक तथा समस्त प्राचार्यों/प्रधानाध्यापकों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।डीपीआई का सरक्यूलर,उज्जैन में इंतजार-ठंड में स्कूली बच्चों को एक रंग और डिजाईन के स्वेटर या गरम वस्त्र पहनकर आने के लिए बाध्य नही किया जा सकता है। इसे लेकर लोक शिक्षण संचालनालय ने सरक्यूलर जारी कर दिया है। इसका उज्जैन में इंतजार है। संचालनालय द्वारा समस्त जिला शिक्षा अधिकारी, जिला सहायक आयुक्त /संयोजक जनजातीय कार्य विभाग के लिए शासकीय/अशासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के गणवेश प्रोटोकॉल के संबंध में कहा गया है कि कतिपय प्रकरणों में यह देखने में आया है कि विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा निर्धारित यूनीफार्म अथवा सर्दी के मौसम में अलग-अलग रंग अथवा डिजाईन के स्वेटर / गरम कपड़े पहनने के कारण विद्यार्थियों को कक्षा में आने से वंचित कर दिया जाता है। विद्यार्थी सर्दी के मौसम में किसी दिन गणवेश से अलग रंग / डिजाईन के कपड़े / स्वेटर पहनकर विद्यालय में आते हैं तो उन्हें कक्षा में उपस्थित होने से नहीं रोका जाए। सर्दी के मौसम में विद्यार्थियों को उनके जूते चप्पल कक्षा के बाहर उतारने हेतु बाध्य किया जाता है। विद्यार्थियों को कक्षा के बाहर जूते चप्पल उतारने हेतु बाध्य नहीं किया जाए।