नीमच। – न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, जावद, जिला-नीमच द्वारा अपने निर्णय में फरियादी की दुकान में से आभूषण और नगद रूपयों की चोरी कर आपराधिक न्यासभंग करने वाले आरोपी नौकर पंकज पिता नरेंद्र कुमार बिकानेरिया, उम्र-38 वर्ष, निवासी-श्याम विहार कॉलोनी, रूपारेल जावद, जिला नीमच को धारा 381, 408 भारतीय दण्ड संहिता, 1860 के अंतर्गत 02-02 वर्ष के सश्रम कारावास व 2500-2500 रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।
प्रकरण मेंसहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी सुखराम गरवाल द्वारा जानकारी देते हुवे बताया गया कि दिनांक 16.03.2026 को फरियादी राजेश सोनी ने थाना जावद पर एक आवेदन दिया कि जावद में 19 रेण वाली गली में उसका एम. एल. ज्वेलर्स के नाम से व्यवसाय हैं, जिसमें उसके द्वारा सोने-चांदी के आभूषण का निर्माण एवं विक्रय किया जाता हैं। उसकी दुकान पर विगत लगभग 18 वर्षों से अभियुक्त कार्य करता था और इतने लम्बे समय से कार्यरत रहने के कारण उसे तथा उसके परिवार को उस पर विश्वास होने से वह कभी-कभी कुछ समय के लिये अपनी दुकान को उसके सुपुर्द छोड़कर चला जाता था। आरोपी उसकी दुकान के लाखों रूपये के आभूषण व नगदी की देखरेख व बहीखाता का लेखा-जोखा का कार्य भी करता था। वर्ष 2021-2022 में उसने उसकी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का नया डीवीआर लगाया एवं पुराना निकालकर रख दिया था। पुराने डीवीआर की फुटेज देखने पर ज्ञात हुआ कि पंकज ने उसकी दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवर एवं बही खाता में लेखा-जोखा कर नगदी को अपनी जेब में रख चोरी कर रखता हुवा दिखाई दिया। वर्ष 2023-2024 में फरियादी के ऊपर इन्दौर में केस दर्ज होने के कारण वह दुकान पर नहीं बैठ सका, उस दौरान की सीसीटीवी के डीवीआर की रिकॉर्डिंग चेक करते ज्ञात हुआ कि पंकज के द्वारा उसकी दुकान से सोने-चांदी की रकम व नगदी हिसाब में कमी पाई गई, जिसके संबंध में पंकज से पूछने पर वह आनाकानी करने लगा तथा बिना हिसाब बताये दुकान से काम छोड़कर चला गया और उसने पास में ही अपनी नवीन सोने-चांदी की दुकान खोल ली। आरोपी पंकज द्वारा चुराये गये रूपये व आभूषण के बारे में बातचीत करते पंकज व उसके पिता ने रकम व नगदी वापस देने का वादा किया व समाज के लोगों को बीच में यह विश्वास दिलाया कि इसकी रिपोर्ट थाने में मत करों दुकान से जो भी सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी किये है उसकी भरपाई के रूप में 10 लाख रूपये दिलवा देंगे, किन्तु पंकज द्वारा आभूषण व रूपये वापस नहीं किये। फरियादी के आवेदन पर से अपराध पंजीबद्ध किया गया तथा आवश्यक अनुसंधान के उपरांत अभियोग-पत्र जावद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।विचारण के दौरान अभियोजन द्वारा फरियादी एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्षीगण की साक्ष्य करवाई गई तथा महत्वपूर्ण ईलेक्ट्रॉनीक साक्ष्य सीसीटीवी फुटेज को माननीय माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आरोपी के विरूद्ध अपराध को संदेह से परे प्रमाणित कर उसकों कठोर दण्ड से दण्डित किये जाने का निवेदन किया गया, जिस पर से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी कोे उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी सुखराम गरवाल द्वारा द्वारा की गई।