महिलाओं ने की पूजा, उदय होते सूर्य को अर्घ्य दिया:छठ महापर्व पर विक्रम सरोवर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, निगम अध्यक्ष-कलेक्टर ने भी किया पूजन

उज्जैन / लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का सोमवार सुबह उदय होते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हुआ। उज्जैन के विक्रम सरोवर, मिथिला घाट और शिप्रा नदी के विभिन्न घाटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी।

उत्तर भारतीय समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं ने परिवार के साथ पहुंचकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की और सूर्य देव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

छठ महापर्व के अंतिम दिन व्रती महिलाओं ने ठंड के बीच घंटों पानी में खड़े रहकर सूर्य देव की उपासना की। घाटों पर भक्ति और आस्था का माहौल नजर आया। बच्चों ने आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाईं। आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वर्चुअल माध्यम से श्रद्धालुओं से जुड़े और उन्हें छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह भी पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में उत्तर भारतीय समाज के बड़ी संख्या में व्रती, श्रद्धालु और परिवारजन मौजूद रहे।

प्रकृति के प्रति आभार जताने का पर्व

श्रद्धालु महिला एकता ने बताया कि उन्होंने हर साल की तरह इस बार भी पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ छठी मैया का व्रत रखा। अंतिम दिन कई घंटों तक पानी में खड़े रहकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और सूर्य देव के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर भी है। इस दौरान महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

नहाय-खाय से शुरू हुआ था चार दिवसीय पर्व

छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से हुई थी। इसके बाद खरना और डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देने की परंपरा निभाई गई। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का विधि-विधान से समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान घाटों पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment