उज्जैन में नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में कोर्ट ने आरोपी को 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट), जिला उज्जैन के न्यायालय ने आरोपी भूपेन्द्र उर्फ गोविंद (26), निवासी ग्राम निनोरा को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) के तहत दोषी ठहराते हुए सजा और अर्थदंड से दंडित किया है।डी.डी.पी. राजेन्द्र कुमार खाण्डेगर ने बताया कि घटना 2 सितंबर 2025 की है। रात करीब 10:30 बजे 17 साल 6 महीने की किशोरी खाना खाने के बाद अपनी मां के पास घर में सो गई थी।रात करीब 3 बजे उसके पिता की नींद खुली तो वह बिस्तर पर नहीं मिली। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद नानाखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
शादी का झांसा देकर साथ ले गया
पुलिस को दिए बयान में किशोरी ने बताया कि वह आरोपी भूपेन्द्र को 2-3 साल से जानती थी। 2 सितंबर की रात आरोपी उसके घर आया और साथ चलकर शादी करने की बात कही। इसके बाद वह रात करीब 2 बजे घर में बिना बताए आरोपी की मोटरसाइकिल पर बैठकर उसके साथ चली गई।
दोनों पहले बगलामुखी मंदिर, नलखेड़ा गए। इसके बाद बाइक से अजमेर के पुष्करजी, रामदेवरा और चित्तौड़गढ़ पहुंचे। वहां से सांवरिया सेठ जाने के बाद देवास आ गए। देवास में एक कमरे में रुकने के दौरान किशोरी के मना करने के बावजूद आरोपी ने उसके साथ संबंध बनाए।
अभियोजन की पैरवी पर सजा
प्रकरण में उप-निदेशक अभियोजन राजेन्द्र कुमार खाण्डेगर के मार्गदर्शन में अभियोजन पैरवीकर्ता अधिकारी सूरज बछेरिया एवं गौतम परमार, विशेष लोक अभियोजक ने पैरवी की। उनके तर्कों से सहमत होकर न्यायालय ने आरोपी को 20 साल के सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया।