उज्जैन। महाकाल दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन आते हैं। ऐसे में महाकाल क्षेत्र में पूरे दिन श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रहती है। लेकिन इन दिनों महाकाल मंदिर जाने वाले मार्ग श्रद्धालुओं के लिए कठिनाई वाले साबित हो रहे हैं। यहां मार्गो पर जगह-जगह रेस्टोरेंट व भोजनालय वालों ने अस्थाई अतिक्रमण कर रखा है। किसी ने अपनी कुर्सी टेबल तो किसी ने अपना काउंटर सड़क के बाहर पटक रखा है। इस कारण बाहर से आने वाले यात्रियों को महाकाल मंदिर तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुकान का सामान अंदर से ज्यादा बाहर सड़क पर पड़ा रहता है। इस कारण इन मार्गो से निकलते समय श्रद्धालुओंं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। महाकाल मंदिर तरफ जाने वाले मार्गों के साथ ही शहर के अन्य मार्गो की सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है। पिछले दिनों नगर निगम की टीम ने जिन मार्गों को चौड़ा किया था। उन पर किए जा रहे हैं अस्थाई अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की थी।
कार्यवाही ठंडी पड़ने के बाद फिर सड़कों पर अतिक्रमण
महाकाल क्षेत्र में भी निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा की उपस्थिति में चौबीस खंभा, हरसिद्धि की पाल, गुदरी चौराहा और गोपाल मंदिर क्षेत्र में नालियों के ऊपर बनाए गए ओटले, काउंटर चढ़ाव, अवैध निर्माण और गुमटियों को जेसीबी की मदद से हटाया था लेकिन एक बार फिर से महाकाल क्षेत्र में अस्थाई अतिक्रमण पसर गया है। यहां के कई मार्गों पर दुकान का सामान अंदर से ज्यादा बाहर सड़क पर पड़ा रहता है। इस कारण यहां की यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है। पिछले कई दिनों से महाकाल क्षेत्र में अव्यवस्था फैली हुई है। गुजरात से आए सतीश मेहता ने बताया कि वह परिवार के साथ महाकाल दर्शन करने उज्जैन आए थे ई-रिक्शा में बैठकर जब वह इंदौर गेट से हरिफाटक पुल के नीचे से होते हुए महाकाल मंदिर जा रहे थे इसी दौरान दुकान के बाहर सड़क पर पड़े सामान से उनका ई-रिक्शा टकरा गया जिसे लेकर दुकानदार ने विवाद कर लिया और ई-रिक्शा चालक से मनमाने पैसे नुकसान के रूप में वसूल लिए श्रद्धालु का कहना था कि जबकि ई रिक्शा वाले की कोई गलती नहीं थी सामान सड़क पर पड़ा था और ई रिक्शा को निकलने के लिए जगह नहीं मिल रही थी सिर्फ सामान को थोड़ा सा टल्ला लगने पर उसने विवाद कर लिया। जब उससे कहा गया कि सड़क के बाहर सामान रखकर तुमने ही रास्ता रोक रखा है तो इस पर दुकानदार अपनी गलती मानने को तैयार नहीं था।