पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी की मां की गोली लगने से मौत: 79 वर्षीय माता की संदिग्ध परिस्थितियों में गई जान

शाजापुर। शहर के शरद नगर में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी विवेक दुबे की 79 वर्षीय माता उषा दुबे की गोली लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी कीर्ति बघेल लालघाटी थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर उस कमरे को सील कर दिया, जहां उषा दुबे को गोली लगी थी। वहीं, साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार उषा दुबे बड़े बेटे विवेक दुबे के साथ रहती है और आज ही दोपहर 12 बजे के लगभग दीपावली की तैयारियां करवाने के लिए अपने छोटे बेटे विजय दुबे के शरद नगर स्थित घर आई हुई थीं। दोनों भाइयों के घर पास-पास स्थित है। छोटे बेटे के घर पर उनके दाहिने कंधे के पास गोली लग गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल उषा दुबे को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पीएम के पश्चात शव परिजनों को सौंपा जाएगा।घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर गोली लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। गोली किस परिस्थिति में और कैसे चली, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने घटनास्थल वाले कमरे को सील कर दिया है तथा फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
बताया जा रहा है कि उषा दुबे के पति शरद दुबे पुलिस अधिकारी रह चुके हैं। उनके दो बेटे विवेक दुबे और विजय दुबे हैं। बड़े बेटे विवेक विगत दिनों जिला शिक्षा अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और छोटे बेटे विजय भी शासकीय नौकरी में हैं। घटना की खबर फैलते ही शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
इस संबंध में एसडीओपी कीर्ति बघेल ने बताया कि थाना लालघाटी क्षेत्र के शरद नगर में गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उषा दुबे की गोली लगने से मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। फिलहाल मौत के कारणों और गोली चलने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment