नेपानगर। बुरहानपुर जिले के नेपानगर में दीपावली से पहले बुधवार को खाद्य सुरक्षा टीम ने पांच मिठाई दुकानों और होटलों की जांच की। टीम ने मावे से बनी मिठाइयों के सैंपल लिए। इन्हें जांच के लिए भोपाल की प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट में सैंपल अमानक मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।कलेक्टर विवेक कुमार ने अधिकारियों को मिठाई दुकानों और होटलों की जांच के निर्देश दिए हैं। इसके बाद प्रभारी एसडीएम भागीरथ वाखला ने खाद्य औषधि प्रशासन की टीम के साथ मातापुर बाजार रोड सहित शहर के अलग-अलग इलाकों में जांच की।
*कुछ जगह अमानक सामग्री नष्ट कराई-भागीरथ वाखला ने बताया कि नकली मावे से मिठाई बनाने की शिकायतें मिल रही हैं। इसे देखते हुए नेपानगर के शहरी क्षेत्र में पांच दुकानों से सैंपल लिए गए हैं। जांच के दौरान कुछ जगह अमानक सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया।लिए गए सैंपल जांच के लिए भोपाल की प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। वाखला ने कहा कि दीपावली के दौरान मावे से बनी मिठाइयों की जांच आगे भी जारी रहेगी। दुकानदारों को साफ-सफाई रखने और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।