नीलगंगा पुलिस की रात को शास्त्रीनगर में दबिश बिना लायसेंस के मकान में रखे थे लाखों के पटाखे

उज्जैन। दीपावली से पहले जिले में अवैध पटाखों की ब्रिकी और भंडारण पर पुलिस और प्रशासन सख्त हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार रात नीलगंगा पुलिस ने एक मकान से बिना लायसेंस के संग्रहित कर रखे लाखों के पटाखे बरामद किये है।
नीलगंगा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि इवेंट मैनेजर का काम करने वाले सौरभ पिता जगदीश शर्मा के गली नम्बर 9 शास्त्रीनगर स्थित मकान में पटाखों का संग्रहण कर रखा गया है। छोटी सी गली क्षेत्र में बड़ा धमाका कर सकती है। थाना प्रभारी तरूण कुरील ने एसआई भूपेन्द्र चौहान, प्रधान आरक्षक विरेन्द्र दुबे, आरक्षक लोकेन्द्र प्रजापत और टीम के साथ छापा मारा। मकान के एक कमरे में विस्फोटक पटाखों बड़ा स्टॉक रखा होना सामने आया। सौरभ शर्मा और उसके भाई शुभम शर्मा को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया तो पता चला कि पटाखे बेचने के लिये रखे थे। पुलिस ने पटाखों से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो उसके पास ना तो दस्तावेज मिले ना ही पटाखा ब्रिकी का लायसेंस प्राप्त हुआ। पटाखों को जप्त की सील करने की कार्रवाई कर आदेश का उल्लघंन करने का प्रकरण दर्ज किया गया है। पटाखों की कीमत 10 लाख रूपये से अधिक होना पाई गई है।
रिहाईशी इलाकों में पटाखे बेचे पर प्रतिबंध
प्रशासन और पुलिस दशहरा पर्व से ही रिहाईशी इलाकों और अवैध रूप से पटाखों की ब्रिकी पर प्रतिबंध लगा चुका है। कुछ दिन पहले जिले में पुलिस द्वारा दुकानों पर तलाशी अभियान चलाकर पटाखा कारोबारियों को नियमानुसार ही पटाखों का विक्रय करने की हिदायत दी थी और कार्बाइड गन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा होने के आदेश जारी कर दिये थे। कुछ दिन पहले जिले की बड़नगर तहसील में भी अवैध पटाखों का स्टॉक पुलिस ने बरामद किया था। माधवनगर थाना पुलिस ने भी एक झोपड़ी में से अवैध पटाखों को बरामद करने की कार्रवाई कर चुकी है।
एसपी बोले लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि हर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम नजर बनाये हुये है। अवैध पटाखों का भंडारण और विक्रय की सूचना पुलिस को दें। आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। दीपावाली का पर्व सुरक्षित और शांति के साथ मनाया जा सके इसके प्रयास पुलिस द्वारा किये जा रहे है। उन्होने कहा कि पटाखा कारोबारी भी नियमों और सुरक्षा मानको के अनुरूप कारोबार करें।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment