रेलवे ने सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज, क्राउड होल्डिंग एरिया का निर्माण जारी माधव नगर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में 3,608 वर्गमीटर का क्राउड होल्डिंग एरिया -यात्रियों को मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं,छत पर 120 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगेगा

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 के दौरान उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पश्चिम रेलवे का रतलाम मंडल व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटा है। माधवनगर स्टेशन क्षेत्र में 3608 वर्ग मीटर का क्राउड होल्डिंग एरिया निर्माण किया जा रहा है। यहां यात्रियों को सभी मूलभूत सुविधाएं मिलेगी।  इसकी छत पर 120 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगेगा

 सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु रेल मार्ग से उज्जैन पहुंचेंगे। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा स्टेशन परिसर के विकास, फुट ओवर ब्रिज के निर्माण तथा यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए क्राउड होल्डिंग एरिया विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को आवागमन के दौरान असुविधा का सामना न करना पड़े।

पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 8 की ओर माधव नगर क्षेत्र में लगभग 3,608 वर्गमीटर क्षेत्रफल (82×44 मीटर) में क्राउड होल्डिंग एरिया का निर्माण रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) द्वारा किया जा रहा है। इस होल्डिंग एरिया के अतिरिक्त तीन अन्य क्राउड होल्डिंग एरिया भी विकसित किए जाएंगे। क्राउड होल्डिंग एरिया में यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वर्तमान में निर्माणाधीन होल्डिंग एरिया का कार्य अक्टूबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

120 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम-

यात्रियों की सुविधाओं के विकास के साथ-साथ रतलाम मंडल द्वारा हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी पहल के तहत माधव नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन क्राउड होल्डिंग एरिया की छत पर 120 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किया जाएगा। वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (पावर) लेफ्टिनेंट डी.के. प्रजापति के निर्देशन में इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment