उज्जैन। उज्जैन जिला स्वास्थ्य विभाग को कलेक्टर ने प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दिया है। पिछले 6 दिनों से इस पद को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई थी। माधव नगर अस्पताल के प्रभारी रहे डा. विक्रम रघुवंशी को प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बनाया गया है। यह पद डा.अशोक कुमार पटेल के सेवानिवृत्ति एवं डा. अनिल भार्गव के व्यक्तिगत कारणों से प्रभार ग्रहण नहीं करने से रिक्त था।मंगलवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने एक आदेश जारी कर प्रशासनिक कार्य सुविध की दृष्टि से प्रभारी मेडिकल आफीसर डा. विक्रम रघुवंशी को उज्जैन जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पद पर प्रभारी बनाया गया है। कलेक्टर ने जारी आदेश में बतायाकि मध्यप्रदेश शासन, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, मंत्रालय, वल्लभ भवन, भोपाल के आदेश क्रमांक/2085/3165/2026/17/मेडि-1, दिनांक 01.10.2026 द्वारा डॉ. अनिल कुमार भार्गव, रेडियोलॉजिस्ट को अस्थाई रूप से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला उज्जैन का प्रभार सौंपा गया था। डॉ. भार्गव द्वारा पारिवारिक कारणों से उक्त प्रभार ग्रहण करने में असमर्थता व्यक्त की गई है।
कार्य सुविधा के लिए प्रभार-कलेक्टर श्री सिंह ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है किमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला उज्जैन के प्रभार के संबंध में शासन स्तर से निर्णय होने तक प्रशासनिक कार्य सुविधा की दृष्टि से डॉ. विक्रम रघुवंशी, प्रभारी मेडिकल आफिसर, उज्जैन को अस्थाई रूप से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला उज्जैन का प्रभार सौंपा जाता है। उक्त आदेश तत्काल प्रभावशील किया गया है।