नागदा । नगर पालिका नागदा के सफाईकर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर 7 अक्टूबर से काम बंद हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में वाल्मीकि सेना एवं सफाई कामगार संघ की ओर से नगर पालिका को ज्ञापन सौंपकर मांगों के निराकरण की मांग की गई है।ज्ञापन में बताया गया कि सफाई कामगार संघ शाखा नपा नागदा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर संतोष कल्याणे के आह्वान पर प्रदेश में 5 अक्टूबर से आंदोलन शुरू किया गया है। इसी क्रम में नागदा के सफाई मित्र एवं वाल्मीकि समाजजन एकजुट होकर आंदोलन में सहभागिता करेंगे।
अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने की मांग-संगठन ने अस्थायी पदों पर कार्यरत दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को नियमित करने, आउटसोर्स भर्ती बंद करने तथा शहर में सफाई कर्मचारियों की कमी को देखते हुए 200 सफाई मित्रों की अस्थायी पदों पर नई भर्ती करने की मांग रखी है। इसके साथ ही कार्य के दौरान किसी अस्थायी सफाई मित्र की मृत्यु होने पर उसके परिवार के सदस्य को रिक्त पद पर नियुक्ति देने की मांग भी की गई है।
आंदोलन को वरिष्ठ जागीरदारी पंचायत, वाल्मीकि पंचायत खिलाखाम नागदा, वाल्मीकि आवाज दो हम एक हैं, समस्त वाल्मीकि समाज नागदा, मप्र महा वाल्मीकि पंचायत समाज सहित नागदा नगर के विभिन्न लोगों के सहयोग का उल्लेख ज्ञापन में किया गया है।ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो 7 अक्टूबर की सुबह से सफाईकर्मी काम बंद हड़ताल करेंगे।