उज्जैन। हार्न बजाकर साइड मांगने पर धमकी भरे अंदाज में 7 बदमाशों ने कहा था कि यह दमदमा है, हमारे बारे में पता कर लेना और ट्रेक्टर शोरूम मालिक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। रविवार को एक बार फिर पुलिस ने बदमाशों को दमदमा में कानून के डंडे का खौफ दिखाया।
ऋषिनगर में रहने वाला यश पिता विजयनारायण मित्तल 27 साल कृषि उपज मंडी में महेन्द्रा ट्रेक्टर शोरूम संचालित करता था। गुरूवार-शुक्रवार रात 2 बजे दोस्तों के साथ कार से जिला पंचायत कार्यालय मार्ग दमदमा से गुजरते समय बीच रास्ते में बाइक लेकर खड़े 7-8 युवकों से हार्न बजाकर साइड मांगने पर बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। हमले से पहले बदमाशों ने धमकी भरे अंदाज में यश और उसके दोस्तों से कहा था कि यह दमदमा है, हमारे बारे में यहा पता कर लेगा कौन है। माधवनगर थाना पुलिस ने 7 बदमाशों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करते हुये चार आरोपियों सागर तनोरिया, विशाल ठाकुर, विजय ठाकुर और करण गाठिया को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया था। चारों के तीन साथी आकाश पिता दिनेश रायकवार, आयुष पिता लोकेश शर्मा और आयुष उर्फ सेंटू पिता सुरेश कुशवाहा फरार थे। जिनकी रविवार को गिरफ्तारी की गई। तीनों को दोपहर में दमदमा उसी स्थान पर ले जाया गया, जहां धमकी भरे अंदाज में अपने बारे में पता करने की बात कहीं थी, पुलिस ने उनके अंदाज में ही तीनों को कानून के डंडे का खौफ दिखाया। हथकड़ी में जकड़े तीनों बदमाशों को लगड़ाते-चिखते देख लोगों की भीड़ जमा हो गई, बदमाशों का पुलिस हिरासत में अंजाम देख लोगों ने उनके वीडियो बना लिये। रविवार को तीनों बदमाशों का सबक सिखाने से पहले उनके 3 साथियों को शनिवार दोपहर दमदमा में कानून का खौफ दिखाया गया था। थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि विवाद होने के बाद यश पर चाकू से हमला आशुष शर्मा ने किया था। उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद कर लिया गया है। उसके साथियों ने यश के दोस्तों से मारपीट की थी और कार पर पथराव कर कांच फोड़े थे। थाना प्रभारी के अनुसार सोमवार दोपहर सातों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जायेगा।
मंदिर कर्मचारी को चाकू मारने वाले हिरासत में
महाकाल थाना क्षेत्र के धनुष द्वार पर शनिवार रात महाकाल मंदिर में सफाई का काम देखने वाली केएसएस कंपनी कर्मचारी उमेश टाटावत निवासी रंजीत हनुमान नागतलाई को गोगादेव छड़ी निशान जुलूस में शामिल 3 से 4 युवकों ने चाकू मारकर घायल कर दिया था। थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि घटना के बाद घायल के बयान दर्ज किये गये थे। वही धनुष द्वार से महाकाल लोक की ओर जाने वाले मार्ग पर लगे कैमरे देखे गये। छड़ी निशान जुलूस का पता किया जो 12 खोली क्षेत्र से निकाला गया था। जुलूस निकालने वालों से पूछताछ की गई और कैमरों के फुटेज दिखाये गये। जिसमें चाकू मारने वाले 3 युवकों अर्पित पिता आशीष, बाबू पिता संतोष निवासी 12 खोली और रौनक पिता कैलाश निवासी इंदौर की पहचान हो गई। तीनों को हिरासत में लिया गया और उसी स्थान पर जुलूस निकाला जहां चाकू मारे थे। बताया जा रहा है कि घायल कर्मचारी ने जाने के लिये रास्ता मांगा था, जिस पर रौनक ने दोनों साथियों के साथ मिलकर चाकू मार दिया था। बदमाशों को पुलिस हिरासत और उठक-बैठक लगाते देख क्षेत्र के लोगों ने जमकर तालियां बजाई। तीनों को सोमवार दोपहर कोर्ट में पेश किया जायेगा।
बदमाशों को पुलिस ने दिखाया काननू के डंडे का खौफ -ट्रेक्टर शोरूम मालिक की चाकू मारकर की थी हत्या