उज्जैन। अक्टूबर 2025 में नागदा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहना पिपलिया में रहने वाले जगदीशसिंह के मकान में चोरी की वारदात हो गई थी। बदमाश डिलेवरी के लिये आई बेटी के आभूषण चुराकर ले गये थे। जिसकी कीमत करीब 4 लाख के लगभग थी। बेटी के आभूषण चोरी होने पर पिता मायूस हो गये थे। उनकी बेटी का घर टूटने की नौबत तक आ गई थी। इस बीच कुछ दिन पहले नागदा पुलिस ने खरगोन के सिगनूर निवासी रतलामसिंह सिकलीगर, दीपक सिकलीगर और शिवराज छाबड़ा निवासी गंधवानी धार को गिरफ्तार किया था, तीनों से पूछताछ में जगदीशसिंह के साथ सुनील नगर में हुई चोरियों का खुलासा हुआ था। पुलिस ने तीनों सिकलीगरों की निशानदेही पर 28 लाख से अधिक के आभूषण बरामद किये थे। जिसमें जगदीशसिंह के घर से चोरी हुये आभूषण भी शामिल थे। 11 माह बाद सभी आभूषण पुलिस द्वारा बरामद करने और बदमाशों को पकड़ने की खबर जगदीश को मिली तो वह भावुक हो गया। उसने थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी का आभार माना, वहीं पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देशन में हुई कार्रवाई को देखते हुये मंगलवार को उज्जैन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक का भी आभार मानकर पुष्पगुच्छ भेंट किया। थाना प्रभारी गवरी ने बताया कि जगदीश दिहाड़ी मजदूरी करता है, उसने बमुश्किल आभूषण बनवाये थे और बेटी की शादी की थी। वह भी चोरी हो गये थे। बदमाशों से बरामद आभूषणों की पहचान उसके द्वारा कर ली गई है। जल्द न्यायालय से उसे सुपुर्दगी दिलवाई जायेगी।
बेटी के चोरी हुये आभूषण मिलने पर भावुक हुआ पिता