हिरासत में आये 2 बदमाशों से बरामद हुई 7 बाइक… तराना-घट्टिया के बदमाश चाबी लगाकर खोलते थे लॉक

उज्जैन। महाकाल मंदिर क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदात करने वाले 2 बदमाशों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों की निशानदेही पर 7 बाइक बरामद की गई है। 2 बाइक पिछले दो दिनों में चोरी की थी। बुधवार दोपहर दोनों को कोर्ट में पेश किया जायेगा।
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि सोमवार को इंदौर स्थित क्षिप्रा से मनोहर परमार पुत्र के साथ महाकाल की सवारी में शामिल होने आया था। उसने अपनी बाइक कार्तिक मेला ग्राउंड में खड़ी की थी। शाम को उसकी बाइक चोरी होना सामने आया था। श्रद्धालु की बाइक चोरी होने पर बदमाशों का पता लगाने के लिये एसआई चंद्रभानसिंह, एएसआई रेणुका मिश्रा, प्रधान आरक्षक मनीष यादव, सुनील पाटीदार, मुनेंद्रसिंह भदौरिया को कमान सौंपी गई। मुखबीर तंत्र को अलर्ट किया गया और कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किये गये। मंगलवार सुबह खबर मिली कि बाइक चोरी में शामिल एक बदमाश कर्कराज पार्किंग के पास खड़ा है, संभवत: वह चोरी की फिराक में है। तत्काल  पुलिस टीम ने घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसका नाम विशाल पिता ईश्वरसिंह 21 साल निवासी खेरखेड़ी घट्टिया सामने आया। उससे बाइक चोरी के संबंध में सख्ती से पूछताछ शुरू की गई तो उसने बाइक चोरी करना कबूल लिया, उसने बाइक चोरी में मंजूर पिता शहजाद खान निवासी बिछडोद तहसील तराना के शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस ने मंजूर की तलाश कर उसे भी हिरासत में लिया। उसने 22 अगस्त को अन्नक्षेत्र में ड्युटी करने वाले नारायण सोलंकी की सरफेस पार्किंग में खड़ी बाइक चुराई थी। पुलिस टीम ने दोनों से बरामदगी के प्रयास शुरू किये तो उनकी निशानदेही पर दोनों बा्रइ के साथ पांच अन्य बाइक भी बरामद हो गई। 7 बाइक बरामद होने पर दोनों के खिलाफ वाहन चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया है। पूछताछ में पांच बाइक ग्रामीण क्षेत्रों से चोरी करना कबूल किया है। जिसकी जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों को बताया कि वह चाबी लेकर चोरी करने निकलते थे। जिस बाइक में चाबी लग जाती थी उसे चुराकर ले जाते थे।
चोरी के बाद आसपास छुपाते थे बाइक
पुलिस पूछताछ में पता चला कि बाइक चोरी करने के बाद वह पहले आसपास के क्षेत्र में छुपा देते थे, उसके कुछ दिन बाद उसे अपने साथ ले जाते थे। महाकाल थाना क्षेत्र से चुराई दोनों बाइक भी बदमाशों ने रंजीत हनुमान मंदिर क्षेत्र के सूनसान स्थान पर छुपाई थी। पुलिस दोनों के अपराधिक रिकार्ड भी पता कर रही है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment