चाकू मारकर सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक की हत्या -घर में मिली खून से सनी लाश, सीने और गले पर थे गहरे निशान

उज्जैन। पशु चिकित्सालय से सेवानिवृत्त हो चुके डॉक्टर की शनिवार-रविवार रात हत्या कर दी गई। सुबह घर में पलंग पर खूनी से सनी लाश पत्नी ने देखी। पुलिस घटनास्थल पहुंची तो सीने और गले पर चाकू के गहरे निशान पाये गये। चाकू भी मौके पर पड़ा था।
घट्टिया थाना प्रभारी करण खोवाल ने बताया कि सुबह 7 बजे के लगभग खबर मिली थी कि बस स्टेंड के पास सांवरिया सदन में रहने वाले सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची, डीएसपी भारतसिंह यादव भी मौके पर पहुंच गये थे। मृतक का नाम गजराज पिता किशोरसिंह तोमर 70 साल सामने आया। घर में वह पत्नी शिवाकुंवर के साथ रहते थे। पत्नी से पूछताछ में पता चला कि वह ऊपरी मंजिल पर कमरे में रहती है। पति की बायपास सर्जरी हुई थी, जिसके चलते वह मकान की निचली मंजिल के कमरे में रहते थे। 2 बेटियां और एक पुत्र है। एक बेटी की शादी इंदौर और दूसरी की ग्राम कदवाली में हुई है। पुत्र विदेश में नौकरी करता है। पुलिस को घटनास्थल से चाकू मिला है। पड़ताल के लिये एफएसएल टीम और खोजी डॉग को बुलाया गया। डॉग कुछ दूरी पर गया और लौट आया। दोपहर में शव को पोस्टमार्टम के लिये चरक अस्पताल लाया गया। थाना प्रभारी के अनुसार मामला हत्या का होने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे है, वहीं घटनास्थल के आसपास की मोबाइल लोकेशन को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही हत्या में शामिल आरोपियों का पता लगा लिया जायेगा।
जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका
पुलिस की जांच में पता चला है कि मृतक सेवानिवृत्त डॉक्टर गजराज और उसके दो भाईयों के बीच जमीन का लेकर पारिवारिक विवाद चला आ रहा था। मृतक के पास 21 बीघा जमीन थी और दोनों भाईयों के पास मृतक से कम जमीन होना सामने आ रहा है। दोनों भाई भी घट्टिया तहसील के निवासी है। पुलिस को जमीन विवाद में हत्या होने की आशंका है, जिसके चलते सभी बिंदूओं पर जांच कर परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
रात में दरवाजा खुलावाकर की गई हत्या
बताया जा रहा है कि बायपास सर्जरी के बाद गजराज सिंह घर में रहते थे, वह अधिकांश समय अपने कमरे का दरवाजा बंद रखते थे। रात में खाना खाने के बाद भी दरवाजा बंद किया था। रात में कोई परिचित ने आकर दरवाजा खुलावाया है और हत्या का अंजाम दिया है। हत्या का समय रात 3 से 5 बजे का होना प्रतीत हो रहा है। सुबह जब पत्नी ऊपरी मंजिल से नीचे आई तो उन्होने दरवाजा खुला और पलंग पर पति की लाश पड़ी देखी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment