इंदौर। आजाद नगर इलाके में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के समर्थक के ऑफिस में कार की किस्त वसूली को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि चार युवक ऑफिस में घुसे और परिवार के लोगों से विवाद के बाद तोड़फोड़ कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, पालदा निवासी शिव पाटिल कैटरिंग का काम करते हैं। वह मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से जुड़े हुए हैं और उनके आयोजनों में रसोई बनाने का काम भी करते हैं।
दो किस्तें बाउंस होने पर वसूली करने पहुंचे थे-पुलिस को दी शिकायत में शिव पाटिल की बेटी संस्कृति ने बताया कि 20 अगस्त को दोपहर करीब 2 से 2:10 बजे के बीच प्रणय, आयुष, सुनील और शशिकांत नाम के युवक उनके ऑफिस पहुंचे। उन्होंने खुद को पिरामल फाइनेंस एनबीएफसी की ओर से कार लोन की वसूली के लिए आने वाला बताया। युवकों ने कहा कि कार नंबर MP09ZX7814 की दो किस्तें बाउंस हो गई हैं और तत्काल किस्त की राशि जमा करनी होगी।