जगोटी। समीपस्थ ग्राम खुरचनिया प्रताप में सोमवार को सावन मास में महिला का वेश बनाकर नेग व भिक्षावृत्ति कर रहे तीन लोगों को जगोटी से पहुंचे पांच किन्नरों ने जमकर पीटा, फिल्मी तर्ज पर लाठी चलाते हुए किन्नरों ने उनके कपड़े फाड़ कर नंगा कर दिया व बीच बचाव करने वाले ग्रामवासियों के साथ अभद्र व्यवहार व गाली गलौज भी की गई, इस घटना का वीडियो वायरल होते ही जगोटी क्षेत्र के गांवों में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि हर साल सावन माह में विभिन्न गांवों में भिक्षुओं द्वारा भिक्षावृत्ति की जाती है जगोटी स्थित किन्नर नीलम व मुस्कान व उनके साथियों को खबर मिली कि बाहर से आए किन्नर खुरचनिया प्रताप में नेग मांग रहे, यहां के किन्नर चार पहिया वाहन से गांव पहुंचे व भिक्षावृत्ति कर रहे तीन लोगों पर लाठियों से पीट डाला, दस मिनट तक चली इस मारपीट में भिक्षावृत्ति कर रहे एक पुरुष जिसने साड़ी पहन रखी थी उसके सिर से खून भी बह निकला। उपस्थित ग्रामीणों ने आपत्ति ली तो उनके साथ भी किन्नरों ने अभद्र व्यवहार किया गया।
घटना की रिपोर्ट थाना राघवी पर किसी भी पक्ष ने दर्ज नहीं की है TI वीरेंद्र सिंह बंदेवार ने कहा कि कोई भी पक्ष या ग्रामीण जन इस घटना को लेकर शिकायत दर्ज करते हैं तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। किन्नरों द्वारा गांव में सार्वजनिक रूप से की मारपीट व भिक्षुओं को नंगा करने से गुस्साए ग्रामीणों ने चौपाल पर एकत्र हो कर इस घटना की कड़ी निन्दा करते हुए गांव में किन्नरों के प्रवेश पर सर्वसम्मति से प्रतिबंध लगाते हुए भविष्य में ऐसी घटना होने पर पुलिस कार्रवाई की की चेतावनी किन्नरों को दी गई है, चौपाल पर पहुंचे जगोटी के किन्नरों ने ग्रामवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।
चौपाल पर वसूली पटेल कमलसिंह पटेल, रामगोपाल बाहेती, मोहनलाल वर्मा, गोपाल दास बैरागी कालूसिंह सोलंकी, बद्रीलाल खुरचनिया, महेश बैरागी सहित एक सौ पचास से अधिक वरिष्ठ नागरिक व पंचगण मौजूद थे, इधर जगोटी में भी इस घटना को लेकर दिनभर चर्चा का बाजार गर्म रहा, यहां के ग्रामीणों व व्यापारियों के मुताबिक किन्नरों द्वारा त्योहारों पर नेग की राशि को लेकर विवाद किया जाता है तथा उनके मन मुताबिक राशि नहीं देने पर बाहर से आए साथी किन्नरों द्वारा लोगों से अभद्र व्यवहार व गाली गलौज भी की जाती रही है।