रतलाम। जिले के बाजना थाना क्षेत्र में स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार दो युवक कई दिनों से छात्राओं का पीछा कर अश्लील इशारे करते थे और नकली पिस्तौल दिखाकर उन्हें डराते थे। ग्रामीणों ने दोनों का पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोज स्कूल आते-जाते करते थे पीछा-पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कक्षा 10वीं में पढ़ती है और प्रतिदिन अपनी सहेलियों के साथ पैदल स्कूल आती-जाती है। इसी दौरान दो युवक बाइक से उनका पीछा करते, आंख मारकर अश्लील इशारे करते और मोबाइल दिखाकर परेशान करते थे। छात्राओं का आरोप है कि आरोपी नकली पिस्तौल दिखाकर उन्हें डराते भी थे। कई बार विरोध और शोर मचाने के बावजूद उनकी हरकतें नहीं रुकीं।