ऋषिनगर में 2 दिनों से सूने पड़े मकान में चोरी की वारदात -मेडिकल व्यवसाई के लौटने पर पुलिस ने शुरू की जांच

उज्जैन। ऋषिनगर में 2 दिनों से सूने मकान में रविवार को चोरी की वारदात होना सामने आया। परिवार के लौटने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आसपास कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन बदमाशों का पता नहीं लग पाया। मामले में अज्ञात बदमाश के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। माधवनगर थाना एएसआई मनोहर विश्वकर्मा ने बताया कि ऋषिनगर स्थित एस 14/8 मकान में किराये से ऊपरी मंजिल पर नवीन पिता मांगीलाल पाटीदार निवास करता है। 2 दिनों से वह अपने पैतृक गांव खेडावद शाजापुर परिवार के साथ गया हुआ था। रविवार को मकान मालिक ने उसके मकान का ताला टूटा देखा तो सूचना दी। शाजापुर से लौटने पर नवीन से जानकारी लेकर जांच शुरू की गई। नवीन के अनुसार बदमाशों ने उसके घर से सोने के आभूषण और 40 हजार रूपये नगद चोरी किये है। वारदात स्थल के आसपास कैमरों के फुटेज देखने का प्रयास किया गया लेकिन कहीं भी कैमरे लगे होना सामने नहीं आये।  ऋषिनगर में वारदात स्थल की ओर जाने वाले मार्गो पर लगे कैमरे देखने पर कुछ स्पष्ट नहीं हो पाया। फिलहाल मामले में अज्ञात बदमाश के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। एएसआई विश्वकर्मा के अनुसार नवीन थाना क्षेत्र के होम्योपैथिक दवा का मेडिकल संचालित करता है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment