उज्जैन। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के साथ वारदातों पर लगाम लगाने के लिये आरपीएफ और जीआरपी मिलकर काम कर रहे है। शनिवार को मुसाफिर खाना बुकिंग विंडो के पास से यात्री का मोबाइल चोरी होने पर आरपीएफ ने कैमरों के फुटेज देखना शुरू किये और जीआरपी ने घेराबंदी कर बदमाश को दबोच लिया। उसके पास से चोरी के 2 मोबाइल बरामद किये गये है।
जीआरपी थाना प्रभारी अमित कुमार भावसार ने बताया कि गुजरात का रहने वाला महेश भाई उज्जैन आया था। वापस लौटने के लिये ट्रेन पकड़ने के लिये स्टेशन पहुंचा था। ट्रेन आने में समय होने पर मुसाफिर खाना के पास बुकिंग विंडो के पास विश्राम के लिये लेट गया। आंख लगने पर अज्ञात बदमाश ने जेब से मोबाइल निकाला और भाग निकला। 24 हजार कीमत का सेमसंग मोबाइल चोरी होने की शिकायत उसके द्वारा जीआरपी से की। बदमाश का पता लगाने के लिये आरपीएफ निरीक्षक नरेन्द्र यादव का सहयोग लिया गया और कैमरों के फुटेज देखना शुरू किये। जिसमें संदिग्ध दिखाई दिया, जिसकी घेराबंदी शुरू की गई। बदमाश दूसरी वारदात करने की फिराक में नागदा दिशा के रेलवे आउटर पर घूम रहा था। जीआरपी की टीम ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। उसके पास से चोरी का सेमसंग मोबाइल बरामद किया गया। वहीं एक अन्य मोबाइल रेडमी कंपनी 12 हजार का भी जप्त हुआ। जो कुछ दिन पहले स्टेशन से चोरी किया जाना सामने आया। आरोपी को थाने लाया गया और पूछताछ की गई। बदमाश आगर मालवा के सुसनेर थाना क्षेत्र स्थित श्यामपुरा का रहने वाला विक्रमसिंह 30 साल सामने आया। जिसके खिलाफ पूर्व में मारपीट और छेड़छाड़ के मामले दर्ज है। थाना प्रभारी भावसार के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और लत पूरी करने के लिये रेलवे प्लेटफार्म पर यात्रियों के मोबाइल चोरी कर रहा था। बदमाश को चंद घंटो में गिरफ्तार कर मोबाइल बरामद करने में आरपीएफ प्रभारी नरेन्द्र यादव के सहयोग से प्रधान आरक्षक बद्रीलाल राठौर, आरक्षक रवि बघेल, हरसेवा लोधी, आरपीएफ प्रधान आरक्षक बुद्धसिंह, मनीराम, आरक्षक सुरजमल मीणा और नंदसिंह का सहयोग रहा।
आरपीएफ ने देखे कैमरे, जीआरपी ने की घेराबंदी दूसरी वारदात की फिराक में था, गिरफ्त में आने पर मिले 2 मोबाइल