सिटी फोरलेन का कार्य बंद होने से जनता त्रस्त, शिवसेना ने दी आंदोलन की चेतावनी

बड़नगर। नगर में निमार्णाधीन डायवर्शन रोड फोरलेन (सिटी फोरलेन) का कार्य इन दिनों अत्यंत धीमी गती से चल रहा है। पिछले कुछ समय से निर्माण कार्य पूर्णत: बंद होने के कारण मुख्य मार्ग की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं तथा धूल-मिट्टी के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है और यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
अधिकारियों से चर्चा और मांग
स्थानीय नागरिकों को हो रही इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए शिवसेना द्वारा उक्त निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कर पूर्ण करने की मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग उज्जैन को पत्र प्रेषित किया गया तथा वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की गई।
कार्यपालन यंत्री ने दिया आश्वासन
इस संबंध में कार्यपालन यंत्री श गौतम अहिरवार ने आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही स्थल का निरीक्षण करेंगे और संबंधित ठेकेदार को वर्षा ऋतु के पूर्व निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
आंदोलन की चेतावनी
शिवसेना ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जनहित में यह कार्य जल्द प्रारंभ नहीं किया गया, तो शिवसेना द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर शिवसेना युवासेना प्रदेशाध्यक्ष प्रभात पुरानिया, युवासेना जिला अध्यक्ष अर्जुन शर्मा, पूर्व तहसील अध्यक्ष भगवान सिंह सोलंकी, मिहिर गुप्ता आदि शिवसैनिक उपस्थित थे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment