उज्जैन। आगर की ओर से आ रही लोडिंग में मवेशी भरे होने की खबर मिलने पर गौ रक्षकों ने पीछा किया तो चालक उन्हेल मार्ग पर लोडिंग छोड़ भाग निकला। 7 मवेशियों को प्याज से भरे कट्टो के नीचे छुपाकर वध के लिये ले जाया जा रहा था।
गुरूवार को लोडिंग पिकअप एमपी 53 जीए 4279 में पशुओं को भरकर लाया जा रहा था। आगर की ओर से आ रही पिकअप की खबर गौरक्षकों को मिली तो उन्होने रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रफ्तार तेज कर गाड़ी उन्हेल रोड की ओर मोड़ ली। पिकअप के ऊपरी हिस्से में प्याज के कट्टे भरे थे। गौरक्षकों ने पीछा नहीं छोड़ा। इस दौरान ग्राम चकरावदा के समीप पिकअप का एक पहिया निकल गया और पिकअप अनियंत्रित होकर खेत में उतर गई। चालक मौका पाकर भाग निकला। मवेशियों से भरी पिकअप की जानकारी भैरवगढ़ थाना पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंची। प्याज के कट्टे सड़क पर फैल गये थे। पुलिस ने पिकअप को चैक किया तो उसमें कू्ररता पूर्वक भरे गये 7 केड़े मिले। जिन्हे बाहर निकालने पर सामने आया कि एक केडे की मौत हो चुकी है। एसआई शोभाराम किरार ने बताया कि मामले में पशु क्रूरता अधिनियम की धारा में प्रकरण दर्ज किया गया है। सभी मवेशियों को मुक्त करा गया है। जिन्हे गौशाला भेजा जायेगा। पिकअप नम्बर के आधार पर चालक और मालिक का पता लगाने के प्रयास किये जा रहे है। जिस तरह से मवेशियों को भरा गया था, उससे प्रतित हो रहा है कि वध के लिये ले जाया जा रहा था।
इधर पाड़े काटने का हुआ खुलासा
महाकाल थाना पुलिस ने अवैध रूप से बूचड़खाना संचालित करने और पाड़े काटने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि महाकाल मंदिर क्षेत्र के कोट मोहल्ला में बम्बईया वाली गली में हाजी मुस्तकीन और उसका भाई वसीम पाड़े काटने का काम कर रहे है। पुलिस टीम ने सूचना पर दबिश मारी। मकान हाजी मुस्तकीम अपने मकान में भाई के साथ मिलकर पाडा काट रहा था। दोनों पुलिस को देख पीछे के रास्ते से भाग निकले। पुलिस को मौके से पाड़े के कटे चार पैर के साथ मांस और क्रूरता पूर्वक बांध कर रखे 2 पाड़े के बछड़े मिले। अवैध बूचड़खाने से पुलिस ने धारदार चाकू, तराजू, इलेक्ट्रिक तोल कांटा सहित अन्य उपकरण बरामद किये है। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि मामले में दोनों भाईयों के खिलाफ म. प्र. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के साथ पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण और आयुध अधिनियम की धारा में प्रकरण दर्ज किया है। दोनों भाई पूर्व में पाड़े काटने के मामले में पकड़े जा चुके है। जिनकी तलाश जारी है।
गौरक्षकों को पीछे आता देख लोडिंग छोड़ भागा चालक -प्याज से भरे कट्टों के नीचे छुपाकर रखे थे 7 मवेशी, एक की मौत