22 टन प्रतिबंधित पॉलीथिन पर चला रोड रोलर, निगम ने किया पूरी तरह नष्ट क्रश सामग्री बेचकर 5 लाख से अधिक की आय, स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत कार्रवाई

उज्जैन। नगर निगम द्वारा जप्ती में पकड़ी गई प्रतिबंधित पॉलीथिन, डिस्पोजल ग्लास, दोने एवं चम्मच को एमआर-5 स्थित ट्रांसफर स्टेशन पर रोड रोलर चलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। इस दौरान ग्राइंडर मशीन की मदद से सामग्री को क्रश भी किया गया।
जानकारी के अनुसार लगभग 22 टन से अधिक प्रतिबंधित पॉलीथिन को नष्ट किया गया। यह सामग्री शहरभर में चलाए जा रहे अभियान के दौरान जप्त की गई थी, जिसे नगर निगम मुख्यालय, ग्रांड होटल एवं मक्सी रोड स्थित डिपो में संग्रहित किया गया था।
निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। संग्रहित पॉलीथिन को नष्ट करने के साथ ही इसके विक्रय के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें संबंधित निविदादाता द्वारा 23 रुपए प्रति किलो की दर से क्रश पॉलीथिन खरीदने का प्रस्ताव दिया गया।
टेंडर स्वीकृत होने के बाद निगम ने रोड रोलर, जेसीबी और डंपर की मदद से पूरी सामग्री को नष्ट कर ग्राइंडर मशीन से क्रश किया और बाद में निविदादाता को सौंप दिया। इस क्रश पॉलीथिन का उपयोग अब दाने एवं डस्टबिन बनाने में किया जाएगा।
इस प्रक्रिया से नगर निगम को 5 लाख रुपए से अधिक की आय प्राप्त हुई, जबकि इस प्रतिबंधित सामग्री का बाजार मूल्य लगभग 40 लाख रुपए आंका गया है।
निगम ने व्यापारियों, दुकानदारों और शहरवासियों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग न करें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें।
कार्रवाई के दौरान उपायुक्त संजेश गुप्ता, सहायक आयुक्त राघवेंद्र सिंह पालिया एवं उपयंत्री कृष्णा भूरिया सहित निगम का अमला उपस्थित रहा।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment