सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बालिकाओं और अभिभावकों को किया जागरूक

कानड़। नगर के नेताजी सुभाष पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में सर्वाइकल कैंसर ऌढश् टीकाकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व, उपयोगिता और सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उक्त कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री कविता शर्मा ने उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि एचपीवी वैक्सीन बालिकाओं को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाने में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टीका सुरक्षित है और इसके कोई गंभीर साइड इफेक्ट नहीं होते हैं, इसलिए सभी पात्र बालिकाओं को समय पर टीकाकरण करवाना जरूरी है।विद्यालय प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 21 बालिकाएं टीकाकरण के लिए पात्र हैं। जिनमें से 6 बालिकाओं को अब तक वैक्सीन लगाई जा चुकी है। टीकाकरण करवाने वाली छात्रा निशा गुर्जर का विद्यालय परिवार द्वारा फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया, जिससे अन्य छात्राओं को भी प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर नगर परिषद पार्षद मांगू बाई आर्य, जन शिक्षक राधेश्याम वर्मा, सिस्टर चेतना निगम, बी.ई. भगवान सिंह डगवाल, प्राचार्य कृष्ण चंद्र शर्मा, प्रधानाध्यापक राधेश्याम बरेठा सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में अभिभावक संतोष शर्मा राहुल बीजापारी और छात्राएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर टीकाकरण के लिए प्रेरित करना रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते एचपीवी वैक्सीन लगाई जाए तो इस गंभीर बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment