बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी, एक की मौत: बस पर पथराव कर आग लगाई, चक्काजाम किया

उज्जैन। गरोठ रोड पर शुक्रवार रात मिनी बस और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए। एक की हालत गंभीर है। युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने बस पर पथराव कर आग लगा दी। हाईवे पर चक्काजाम कर टोल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर जाम खुलवाया।पुलिस के मुताबिक, DL01 VC 5919 नंबर की मिनी बस दिल्ली से श्रद्धालुओं को लेकर महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आ रही थी। इसने तुलाहेड़ा टोल प्लाजा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह खाई में गिरकर पलट गई।ट्रैक्टर सवार विजय सोलंकी (21) ट्रॉली के नीचे दब गया। वह करीब एक घंटे तक फंसा रहा। समय पर मदद नहीं मिलने से उसकी जान चली गई।हादसे में ट्रैक्टर सवार राजेश शर्मा, बस ड्राइवर शिवकुमार निवासी अमृतसर, यात्री बॉबी और धर्मेंद्र कुमार निवासी दिल्ली घायल हुए। सभी को उज्जैन जिला अस्पताल ले जाया गया। दो यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment