3 थानों की पुलिस ने शांत कराया हंगामा
ब्रह्मास्त्र उज्जैन
उज्जैन में गरोठ रोड पर शुक्रवार रात मिनी बस और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। इसमें एक युवक की जान चली गई जबकि चार लोग घायल हैं। एक की हालत गंभीर है।
युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने पहले बस पर पथराव किया, फिर आग लगा दी। हाईवे पर चक्काजाम कर टोल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। समझाइश देकर जाम खुलवाया।
पुलिस के मुताबिक, डीएल01 वीसी 5919 नंबर की मिनी बस दिल्ली से श्रद्धालुओं को लेकर महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आ रही थी। इसने तुलाहेड़ा टोल प्लाजा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रैक्टर खाई में गिरकर पलट गया।
ट्रैक्टर के नीचे दबा युवक- इस पर सवार विजय सोलंकी (21) ट्रैक्टर के नीचे दब गया। वह करीब एक घंटे तक फंसा रहा। समय पर मदद नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर सवार राजेश शर्मा, बस ड्राइवर शिवकुमार निवासी अमृतसर, यात्री बॉबी और धर्मेंद्र कुमार निवासी दिल्ली घायल हुए हैं। सभी को उज्जैन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां दो यात्रियों की हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।