ब्रह्मास्त्र उज्जैन
श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर बाबा महाकाल का भव्य हनुमान स्वरूप में श्रृंगार किया गया। गुरुवार तड़के 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही भस्म आरती के दौरान अलौकिक दृश्य देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद लिया। पट खुलने के बाद गर्भगृह में स्थापित सभी देव प्रतिमाओं का पूजन किया गया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। प्रथम घंटाल के साथ हरिओम का जल अर्पित कर पूजा की शुरूआत हुई।
हनुमान स्वरूप में
सजे बाबा महाकाल
कपूर आरती के बाद भगवान महाकाल को रजत चंद्र, भांग, चंदन और गुलाब के पुष्पों से सजाया गया। रजत मुकुट, त्रिपुंड धारण कर बाबा महाकाल का हनुमान स्वरूप में दिव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढांककर भस्म अर्पित की गई।
महा निर्वाणी अखाड़े
ने चढ़ाई भस्म
भस्म आरती में महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।