आसपास की 2 दुकाने भी लपटों से घिरी, लाखों का नुकसान शार्ट सर्किट के बाद फर्नीचर कारखाने में लगी भीषण आग

उज्जैन। आगररोड खिलचीपुर में सोमवार देर शाम शार्ट सर्किट के बाद फर्नीचर कारखाने में भीषण आग लग गई। लपटे काफी तेजी से फैली और आसपास की 2 दुकाने भी चपेट में आ गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
चिमनगंज थाना क्षेत्र के खिलचीपुर में लाइफ स्टाइल फर्नीचर का कारखाना संचालित होता है। जिसके आसपास डेंटिंग पेंटिंग की दुकाने भी बनी हुई है। शाम 7.30 बजे के लगभग कारखाने के पास बिजली के पोल पर लगे मीटर में शार्ट सर्किट हुआ और चिंगारी फर्नीचर कारखाने पर गिरी, जो बंद था, कारखाने में सोफा बनाने का फॉम रखा था, जिनसे तेजी से आग पकड़ ली। कुछ पल में आग ने पूरे कारखाने का अपनी चपेट में ले लिया। आग समीप 2 डेंटिंग पेंटिंग और वेल्डिंग की दुकानों तक भी पहुंच गई। आग का विकराल रूप देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की खबर मिलते ही नगर निगम फायर बिग्रेड विभाग की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान फर्नीचर कारखाना पूरी तरह से स्वाहा हो चुका था। जहां अलमारी, सोफे, बेड़ और फर्नीचर से बने अन्य घरेलू सामान रखे थे। कारखाने में आग लगने की खबर मिलते ही एजाज खान मौके पर पहुंच गये थे। उन्होने बताया कि कारखाना साजिदा कुरैशी के नाम से है। जिसका संचालक भाई द्वारा किया जाता है। उनकी दुकान एटलस चौराहा पर लाइफ स्टाइल नाम से है। कारखाने में सोफा, अलमारी, बेड का निर्माण किया जाता था। एजाज के अनुसार आगजनी में करीब 1 करोड़ के लगभग का नुकसान हुआ है। ईद के चलते 2 दिनों से कारखाना बंद था।
इनकी दुकानें भी आग की चपेट में आई
फर्नीचर कारखाने की आग पास में वेल्डिंग की दुकान संचालित करने वाले  विरेन्द्र दरबार और डेंटिंग पेंटिंग की दुकान संचालित करने वाले अय्युब खान के यहां तक पहुंच गई थी। उन्होने पहले खुद आग बुझाने के प्रयास किये, लेकिन विकराल हो चुकी आग पर काबू पाना नामुकिन हो चुका था। गनीमत रही बड़ी जनहानि नहीं हुई। आगजनी की खबर मिलते ही चिमनगंज थाना एसआई लक्ष्मण उईके टीम के साथ पहुंच गये थे। इस दौरान मीटर में शार्ट सर्किट होने पर क्षेत्र में अंधेरा छा गया था।
गाड़ी हटाने पर कुछ युवकों के झुलसे हाथ
तेजी से फैल रही आग के दौरान डेंटिंग पेंटिंग की दुकान पर बाइके खड़ी थी। वही आसपास भी 15 से 20 बाइक खड़ी होने पर आसपास की दुकानों पर काम करने वाले युवकों ने बाइक हटाने के प्रयास शुरू किये। इस दौरान 4-5 युवकों के हाथ भी झुलस गये, लेकिन किसी के साथ बड़ी जनहानि नहीं हुई। डेंटिंग पेंटिग का काम करने वाले मंगेश बाथम ने बताया कि अगर बाइके नहीं हटाई जाती तो उन्हे भी काफी नुकसान हो जाता।
इनका कहना
आग लगने की वजह शार्ट सर्किट होना सामने आया है। एक से डेढ़ घंटे में फायर बिग्रेड की 8 से 10 दमकलों ने आग पर काबू पा लिया था। आगजनी में नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। शिकायत मिलने पर आगे की जांच की जायेगी।
लक्ष्मण उईके, एसआई चिमनगंज थाना

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment