नई दिल्ली।भारतीय एयरलाइंस कंपनी एअर इंडिया की एक बार फिर बड़ी चूक सामने आई है, जिसके कारण दिल्ली से कनाडा के वैंकूवर जा रही फ्लाइट AI-185 को उड़ान भरने के करीब 7 घंटे बाद वापस दिल्ली लौटना पड़ा। विमान में 300 से ज्यादा यात्री मौजूद थे।दरअसल, एअर इंडिया ने गुरुवार को दिल्ली से कनाडा के लिए बोइंग 777-300 ER की जगह बोइंग 777-200 LR मॉडल का विमान भेज दिया। एअर इंडिया के पास बोइंग 777-200 LR को कनाडा में ऑपरेट करने की इजाजत ही नहीं है। इस वजह से यह विमान कनाडा में उतर ही नहीं सकता था।गलती का पता तब चला जब विमान करीब 4 घंटे उड़ान भरकर चीन के कुनमिंग एयरस्पेस में पहुंच चुका था। इसके बाद विमान को यू-टर्न लेना पड़ा। फ्लाइट ने गुरुवार सुबह 11:34 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी और शाम 7:19 बजे वापस दिल्ली लैंड किया। घटना की जानकारी शुक्रवार को सामने आई है।
एअर इंडिया ने गलत मॉडल का प्लेन भेजा,वापस लाना पड़ा:300+ पैसेंजर लेकर उड़ा था; चीन के एयरस्पेस से लौटा