ब्रह्मास्त्र आगरा
आगरा में श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पिता, बेटा, बहू, पोती और नाती शामिल हैं। तीन लोग घायल हैं।
हादसे के बाद गांव वालों ने गाड़ी के शीशे तोड़कर सभी को निकाला। परिवार नवरात्रि के पहले दिन इटावा से राजस्थान के कैलादेवी दर्शन करने गया था। देर रात वहां से लौट रहा था।
गुरुवार रात 11 बजे थाना चित्राहाट क्षेत्र में हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का आगे का हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। आधी छत उखड़ गई।
मृतकों की पहचान इटावा के इकदिल के गांव नगला वर के रहने वाले कांता प्रसाद (70), उनके बेटे देवेंद्र (35), बहू सीमा (30), पोती आराध्या (3) और गाड़ी चला रहे नाती औरैया थाना क्षेत्र के अजीतमल के गांव प्रतापपुर निवासी ऋषि (20) के रूप में हुई है। घायलों में देवेंद्र का बेटा आदित्य, ऋषभ की पत्नी रश्मि और अवनीश शामिल हैं।