मेला देखने गये युवक पर चाकू से हमला -टल्ला लगने पर हुआ विवाद, भाई-दोस्त से मारपीट

उज्जैन। नववर्ष प्रतिपदा पर लगने वाले भैरू महाराज के मेले में गुरूवार शाम विवाद होने पर एक युवक पर कुछ शराब पिये युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। बीच बचाव में आये युवक के भाई और दोस्त के साथ मारपीट की गई। चाकू लगने से घायल युवक को चरक अस्पताल में भर्ती किया गया है।
भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रूई में नववर्ष प्रतिपदा पर एक दिवसीय भैरू महाराज का मेला आयोजित किया जाता है, जहां शाम को कथा होती है। मेले में ग्राम धुलमहू का रहने वाला पूरन पिता तेजूलाल दाहिमा 21 साल अपने भाई अरूण और दोस्त विकास के साथ पहुंचा था। मेला घूमते समय एक युवक ने पूरन को टल्ला मार दिया। युवक शराब के नशे में था और उसके साथ 7-8 साथी थे। टल्ला लगने पर उनके बीच विवाद हो गया। शराब पिये युवकों में से एक ने चाकू निकाल लिया और पूरन के सिर पर वार कर दिया। भाई अरूण और दोस्त विकास बीच-बचाव करने आये तो हमलावर के साथियों ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की शुरू कर दी। मेले में अफरा-तफरी मची तो हमला करने वाला साथियों के साथ भाग निकला। पूरन को लहूलुहान हालत में भाई और दोस्त चरक अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने इमरजेंसी में उपचार करने के बाद वार्ड में भर्ती किया। चाकूबाजी की सूचना ड्युटी कम्पाउंडर द्वारा भैरवढ़ थाना पुलिस को दी गई है। घायल के अनुसार हमला करने वालों में दीपक और राज बाथम के साथ उनके अन्य साथी थे। जो समीप गांव के रहने वाले है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment