उज्जैन ।उज्जैन जिले के सबसे बड़े चरक अस्पताल में गुरुवार दोपहर अचानक कलेक्टर रोशन कुमार सिंह निरीक्षण करने पहुंच गए। उन्होंने अस्पताल में कई अनियमितताएं मिलने पर अधिकारियों और जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई। वहीं ड्यूटी रजिस्टर में साइन नहीं करने पर चार डॉक्टरों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए। सुरक्षा में चूक मिलने पर सिक्योरिटी एजेंसी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया।चरक अस्पताल भवन में अव्यवस्थाओं की लगातार शिकायतें मिलने पर कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान वे करीब एक घंटे तक अस्पताल में रहे। यहां उन्होंने ड्यूटी रजिस्टर चेक किया, जिसमें ओपीडी, इमरजेंसी और वार्डों के डॉक्टरों के लिए अलग-अलग रजिस्टर होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि रोस्टर को सही कर ड्यूटी चार्ट को बेहतर बनाया जाए।रजिस्टर में साइन नहीं करने पर चार डॉक्टरों के एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही मरीजों को देखने के लिए टोकन सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए। ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर सिक्योरिटी गार्ड की एजेंसी पर 50 हजार रुपए की पेनल्टी भी लगाई गई।कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि सुशासन के निर्देशों के तहत आज औचक निरीक्षण किया गया। अस्पताल में सफाई व्यवस्था ठीक पाई गई है। लिफ्ट का काम एक माह में पूरा हो जाएगा और दो नई लिफ्ट भी जल्द ही लगाई जाएंगी। टोकन सिस्टम लागू होने से गर्भवती महिलाओं और ऑर्थोपेडिक मरीजों को ज्यादा देर तक खड़ा नहीं रहना पड़ेगा। चार डॉक्टरों के समय पर ओपीडी में नहीं मिलने पर एक दिन का वेतन काटने और नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए हैं।
डॉक्टरों का कलेक्टर ने काटा वेतन:सुरक्षा में चूक मिलने पर सिक्योरिटी एजेंसी पर 50 हजार रुपए जुर्माना लगाया